Amanatullah Khan: दिल्ली में चुनाव (Delhi Elections) के बीच आम आदमी पार्टी (Aam Adami Party) के विधायक अमानतुल्लाह खान (Amanatullah Khan) के बेटे की गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने अमानतुल्लाह खान के बेटे की बुलेट बाइक जब्त कर ली है। साथ ही पुलिस ने उसकी गाड़ी का चालान भी किया है। दरअसल, पुलिस ने AAP विधायक के बेटे को रॉन्ग साइड बाइक चलाने पर रोका था। जब उससे लाइसेंस और RC की मांग की गई तो वह दोनों ही चीजें नहीं दिखा पाया। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि हमारे पापा विधायक हैं, ऐसे कैसे चालान काट दोगे।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान दो लड़के बाइक पर मॉडिफायर साइलेंसर से तेज आवाज निकाल रहे थे। साथ ही बाइक को टेढ़े-मेढ़े तरीके से चला रहे थे। इस पर जब पुलिस ने रोका तो उनमें से एक ने बदसलूकी करते हुए कहा कि वह आप विधायक अमानतुल्लाह खान का बेटा है। उसने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि बाइक को इसलिए रोका गया क्योंकि इसपर आम आदमी पार्टी का चिन्ह है। पुलिस ने जब उनसे लाइसेंस और आरसी मांगी तो वह बाइक छोड़कर वहां से बिना अपना नाम-पता बताए चले गए।
दिल्ली पुलिस की मानें तो आने वाले रिपब्लिक डे (26 जनवरी) को देखते हुए जामिया नगर के ASI और SHO अपने स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी क्रम में जब वह बाटला हाउस में नफीस रोड पर पहुंचे तो बुलेट पर सवार दो लड़के रॉन्ग साइड आते दिखे। बाइक पर मॉडिफाई साइलेंसर लगा हुआ था, जिससे काफी तेज आवाज आ रही थी। लड़के बाइक जिगजैग करते हुए लापरवाही से चला रहे थे।’
पुलिस का कहना है कि अपने स्टाफ की मदद से दोनों को रोका और जांच शुरू की। पूछताछ में बाइक चला रहे लड़के ने खुद को आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान का बेटा बताया। उसने पुलिस से कहा कि मेरी बाइक इसलिए रोकी गई है, क्योंकि इस पर आम आदमी पार्टी का चिन्ह लगा हुआ है। इस दौरान लड़के ने पुलिस से बदतमीजी भी की।’
वहीं, जब ASI ने दोनों से ड्राइविंग लाइसेंस और RC दिखाने की मांग की। बाइक ड्राइव करने वाले लड़के ने कहा कि उसे लाइसेंस और RC की जरूरत नहीं है। क्योंकि वह यहां के विधायक अमानतुल्लाह खान का बेटा है। लड़के ने पुलिस से कहा कि उसका चालान कैसे किया जा सकता है और अपने विधायक पिता को फोन लगा दिया।
पुलिस के मुताबिक इसके बाद लड़के ने विधायक अमानतुल्लाह को फोन कर उनकी SHO से बात भी कराई, जिस पर विधायक ने भड़कते हुए कहा कि मुझे भी बंद कर दो। मौका पाते ही दोनों लड़के नाम-पता बताए बिना बाइक छोड़कर वहां से फरार हो गए। पुलिस बाइक को जब्त कर थाने ले आई और मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना बेलमेट-लाइसेंस और RC के गाड़ी चलाने के साथ-साथ जिगजैग ड्राइव करने का मामला दर्ज कर लिया।
फ़िलहाल, बाइक को मालखाने में भेज दिया गया है। वैरिफिकेशन के बाद बाइक मालिक को कोर्ट की तारीख के बारे में बताया जाएगा। पुलिस ने इस पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया है। मारपीट के मामले में दर्ज हुई थी FIR बता दें कि दिल्ली पुलिस को पिता की विधायकी की धौंस देने वाले अमानतुल्लाह के बेटे अनस पर पहले भी एक FIR दर्ज हो चुकी है। तब अनस पर नोएडा पुलिस ने FIR दर्ज की थी। अनस पर नोएडा में एक पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट का आरोप लगा था। बाद में अनस के साथ अमानतुल्ला खान पर भी पेट्रोल पंप के कर्मचारी के साथ मारपीट का आरोप लगा था। अनस की मारपीट का CCTV फुटेज भी सामने आया था। नोएडा के केस में अनस कई दिनों तक फरार रहा था।


