बॉलीवुड के फेमस संगीतकार AR Rahman और उनकी पत्नी सायरा बानो ने तलाक लेने की घोषणा की है।
ऑस्कर विजेता संगीतकार AR Rahman और पत्नी सायरा बानो ने मंगलवार को अलग होने की घोषणा की। तलाक लेने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि यह फैसला उनके रिश्ते में महत्वपूर्ण भावनात्मक तनाव के बाद लिया गया है।
सायरा की वकील वंदना शाह ने अलग होने की आधिकारिक पुष्टि करते हुए एक बयान जारी किया। वकील ने कहा कि मिसेज सायरा और उनके पति A R Rahman की ओर से और उनके निर्देश पर वंदना शाह और एसोसिएट्स कपल के अलग होने के फैसले के बारे में बयान जारी करते हैं। शादी के कई सालों के बाद मिसेज सायरा और उनके पति मिस्टर ए.आर. रहमान ने एक-दूसरे से अलग होने का कठिन फैसला लिया है।
AR Rahman ने लोगों से की प्राइवेसी की अपील
यह निर्णय उनके रिश्ते में आए गहरे भावनात्मक तनाव के बाद लिया गया है। कपल के बीच गहरे प्यार के बावजूद, कपल ने पाया है कि तनाव और कठिनाइयों ने उनके बीच एक बहुत बड़ी खाई पैदा कर दी है, जिसे कोई भी पक्ष इस समय पाटने में सक्षम नहीं है।
मिसेज सायरा और उनके पति मिस्टर ए. आर. रहमान ने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने यह फैसला दर्द और पीड़ा से बाहर आकर लिया है। मिसेज सायरा और उनके पति मिस्टर ए.आर. रहमान ने इस चुनौतीपूर्ण समय के दौरान सार्वजनिक जीवन में प्राइवेसी की अपील की है।
तीसवीं सालगिरह तक पहुंचने की उम्मीद थी- AR Rahman
AR Rahman ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि हमने तीसवीं सालगिरह तक पहुंचने की उम्मीद की थी। लेकिन सभी चीजों का एक अनदेखा अंत होता है। टूटे हुए दिलों के वजन से ऊपर वाले का सिंहासन भी कांप सकता है। फिर भी इस बिखराव में हम अर्थ की तलाश करते हैं, हालांकि टुकड़ों को फिर से अपनी जगह नहीं मिल सकती। हमारे दोस्तों आपकी दयालुता के लिए और इस नाजुक चैप्टर से गुजरते समय हमारी निजता का सम्मान करने के लिए धन्यवाद।
साल 1995 में हुई थी शादी
AR Rahman और सायरा बानो ने साल 1995 में शादी की थी। उनकी दो बेटियां खतीजा और रहीमा हैं और बेटे का नाम अमीन है। तलाक की घोषणा के बाद रहमान के बेटे अमीन ने इंस्टाग्राम पर निजता की अपील करते हुए एक नोट साझा किया। इसमें लिखा था, “हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस समय के दौरान हमारी निजता का सम्मान करें। आपकी समझदारी के लिए धन्यवाद।”
इस समय AR Rahman अपने आगामी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। जिसमें बॉलीवुड की फिल्म ‘रायन’ और ‘छावा’, ‘ठग लाइफ’, ‘गांधी टॉक्स’ जैसी फिल्में शामिल हैं।


