Delhi Ration Card Online Apply: दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में नए राशन कार्ड (Ration Card) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 15 तारीख से नए राशन कार्ड के लिए आवेदन एक डिजिटल ई-पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और डिजिटल हो गई है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने राशन वितरण के पूरे नेटवर्क को डिजिटाइज कर दिया है। राशन कार्ड (Ration Card) से लेकर फेयर प्राइस शॉप्स तक सभी व्यवस्थाओं को ई-पॉस (e-POS) सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक बायोमेट्रिक मशीनों से जोड़ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब लाभार्थी को राशन तभी मिलेगा जब उसका अंगूठे का निशान सफलतापूर्वक सत्यापित होगा। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लाभार्थी को उसका पूरा हक मिले और राशन वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी या कटौती न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जब तक लाभार्थी की पहचान पूरी तरह सत्यापित नहीं हो जाती और निर्धारित मात्रा में राशन वितरित नहीं कर दिया जाता, तब तक संबंधित कार्ड प्रोफाइल पर ट्रांजैक्शन स्टेटस अपडेट नहीं होगा।
रेखा गुप्ता के अनुसार, यह नई डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था अब पूरी तरह दिल्ली में लागू कर दी गई है। सरकार का दावा है कि इससे राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार तथा फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी।


