भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बारे में अलर्ट जारी किया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास निवेश के कुछ टिप्स दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास निवेश योजनाओं का समर्थन कर रहे है। आरबीआई ने कहा कि यह वायरल वीडियो फर्जी है। आरबीआई ने कहा कि ये योजनाएं केंद्रीय बैंक द्वारा समर्थित नहीं हैं।
RBI ने जारी किया बयान
RBI ने 19 नवंबर को एक बयान जारी कर बताया कि आरबीआई का कोई भी अधिकारी कभी भी ऐसी गतिविधियों में भाग नहीं लेता है। आरबीआई का अधिकारी वित्तीय निवेश पर सलाह नहीं देते हैं। केंद्रीय बैंक ने कहा यह वीडियो डीपफेक की मदद से बनाया गया है। आरबीआई ने वीडियो की निंदा की और कहा कि स्कैम करने वाले लोगों का एकमात्र उद्देश्य नागरिक को ऐसी योजनाओं में निवेश करने के लिए बरगलाना है, जो अस्तित्व में है ही नहीं।
RBI नहीं करता है किसी भी निवेश योजना का समर्थन
अपने बयान में आरबीआई ने कहा कि आरबीआई इस प्रकार के किसी भी निवेश योजना का समर्थन नहीं करता है। बयान में कहा गया है कि जनता को सावधान रहना चाहिए और इन फर्जी वीडियो से बचना चाहिए।
RBI ने इन वीडियो को देखने वाले सभी लोगों से अपील की है कि संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट करें। साथ ही सटीक, सुरक्षित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक आरबीआई के संचार पर भरोसा करें।


