Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित एक रिहायशी सोसायटी की लिफ्ट में दो लोगों के बीच हुई मारपीट का कथित CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल दावों के अनुसार, यह घटना बुधवार को क्रॉसिंग रिपब्लिक (Crossing Republik) क्षेत्र की GH-7 सोसायटी में हुई। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में इसे अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि किसी आधिकारिक एजेंसी ने नहीं की है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति पहले से लिफ्ट के अंदर मौजूद है। लिफ्ट का दरवाजा खुलते ही एक अन्य व्यक्ति एक महिला के साथ अंदर प्रवेश करता है। कुछ ही देर में दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो जाती है, जो धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल जाती है।
जब लिफ्ट एक मंजिल पर रुकती है, तो महिला बाहर निकल जाती है। इसके बाद दोनों व्यक्तियों के बीच विवाद हिंसक रूप ले लेता है। वीडियो में एक व्यक्ति दूसरे पर लगातार मुक्के बरसाता दिखाई देता है। लिफ्ट का दरवाजा खुलने के बाद भी मारपीट जारी रहती है। फुटेज में एक व्यक्ति दूसरे का गला पकड़कर धक्का-मुक्की करता हुआ भी नजर आता है।
पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान
मामले पर गाजियाबाद पुलिस ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि 15 जुलाई 2026 को रात करीब 8:30 बजे थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक को सूचना मिली कि GH-7 सोसायटी के अंदर वादी दीपक चोपड़ा के साथ प्रह्लाद कुमार नामक व्यक्ति द्वारा मारपीट की गई है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही तत्काल संज्ञान लिया गया। वादी से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा चुका है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में वेवसिटी की सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) श्रीमती प्रियाश्री पाल ने भी पुष्टि की है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और दोनों पक्षों के दावों की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


