नई दिल्ली/तेहरान। भारत में ईरान के दूतावास (Iran Embassy in India) ने कुछ मीडिया (Some Indian Media Organaisation) संस्थानों द्वारा प्रकाशित उन रिपोर्टों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें ईरान में आर्थिक संकट (Economic Crisis) और आवश्यक वस्तुओं की कमी का दावा किया गया था।
ईरानी दूतावास (Iran Embassy) ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि ईरान पर युद्ध और विभिन्न प्रकार के दबावों के बावजूद अब तक देश में आवश्यक वस्तुओं और दैनिक जरूरतों के सामान की कोई कमी नहीं हुई है। दूतावास के अनुसार, राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन के नेतृत्व में ईरान सरकार द्वारा किए गए प्रभावी प्रबंधन और आवश्यक कदमों के कारण वस्तुओं की खरीद, आपूर्ति और वितरण सामान्य, स्थिर और निर्बाध रूप से जारी है।
दूतावास ने भारतीय मीडिया (Indian Media) संस्थानों से अपील की कि वे ईरान से संबंधित समाचार और रिपोर्ट केवल विश्वसनीय, आधिकारिक और सत्यापित स्रोतों के आधार पर प्रकाशित करें।
अपने बयान में ईरान ने ‘Iran International’ का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह मीडिया संस्थान ईरानी जनता के विरोधियों और विरोधी राजनीतिक समूहों से जुड़ा हुआ है तथा लंबे समय से ईरान विरोधी दृष्टिकोण को बढ़ावा देता रहा है। इसलिए इसे ईरान की वास्तविक स्थिति को प्रस्तुत करने वाला विश्वसनीय स्रोत नहीं माना जा सकता।
ईरानी दूतावास का यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्रीय तनाव और संघर्ष के बीच ईरान की आर्थिक स्थिति को लेकर विभिन्न प्रकार की रिपोर्टें सामने आ रही हैं।


