महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम शनिवार को आ चुके हैं, जहां पर महायुति की सरकार को बड़ा बहुमत मिला है। कांग्रेस ने ईवीएम (EVM) पर हार का ठीकरा फोड़ दिया है।
कांग्रेस नेता कैप्टन अजय यादव ने शनिवार को आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में इंडी एलायंस की ऐतिहासिक जीत हुई है। हेमंत सोरेन का जिस प्रकार से अपमान किया गया था, इसे लेकर आदिवासी समाज के लोग काफी आहत थे। कांग्रेस और आरजेडी के साथ गठबंधन में शामिल दलों को मैं इस जीत के लिए बधाई देता हूं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम पर कांग्रेस नेता ने कहा है कि मेरे मन में अभी भी शंका है कि इतना अंतर कैसे हो गया है। अभी हरियाणा में EVM पर प्रश्न चिन्ह उठा है। मुझे लगता है कि यह लोग छोटे स्टेट के चुनाव में ईवीएम की प्रोग्रामिंग नहीं करते हैं, लेकिन महाराष्ट्र में इन्होंने EVM की प्रोग्रामिंग की है। बिना इसके इतना बड़ा अंतर नहीं हो सकता है। महाराष्ट्र की हार मेरे गले से नीचे नहीं उतर रही है।
झारखंड में जीत रहे हैं तो EVM ठीक है और महाराष्ट्र में हार गए तो ईवीएम खराब है, इस पर कांग्रेस नेता ने कहा है कि यह एक सोची समझी साजिश है। जहां छोटे स्टेट हैं वहां EVM से छेड़छाड़ नहीं करते हैं। ताकि कांग्रेस और विपक्ष इन पर सवाल उठा नहीं सके।
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर 70 याचिका लगी हैं। 99 फीसदी बैटरी चार्ज EVM मिली थी। 40 मिनट तक रेवाड़ी और पलवल के स्ट्रांग रूम की लाइट और एलईडी बंद हुई है। एक चीज यह है कि 99 फीसदी ईवीएम की बैटरी कैसे चार्ज हो सकती है। महाराष्ट्र का क्या मामला है, मुझे नहीं पता है। मैं समझता हूं कि जो हार महाराष्ट्र में हुई है, वह मेरे गले नहीं उतर रही है।
महाराष्ट्र चुनाव में पैसों की हुई बारिश: हुसैन दलवई
महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी की हार को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद हुसैन दलवई की प्रतिक्रिया सामने आयी है। उन्होंने कहा कि जो आंकड़े सामने आया है, ऐसी हमें उम्मीद नहीं थी।
दलवई ने कहा- “हम यह मानकर चल रहे रहे थे कि करीबी अंतर से हम सरकार बना लेंगे। थोड़े बहुत फर्क से महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी की सरकार बनने की उम्मीद थी, लेकिन हम चुनाव जीतने में असफल रहे है। अगर हम हार गए हैं तो हम इसे स्वीकार करेंगे लेकिन हमें हार के कारण का विश्लेषण करना होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि मैं कई सालों से राजनीति में हूं लेकिन इस चुनाव में जिस हिसाब से पैसे की बारिश हुआ वो कभी नहीं हुई। जिस हिसाब से राज्य की तिजोरी खाली की गई, ये बहुत ही गलत बात है। विधायकों को जिस तरीके से पैसा दिया गया और प्रदेश में भ्रष्टाचार किया गया, ये काफी शर्मनाक बात है। मैं जानना चाहता हूं कि इतना पैसा कहां से आया है।
वहीं, महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रदेश की जनता ने हमें अभूतपूर्व जीत दी है। देश और प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं। उनके दिए नारे ‘एक हैं तो सुरक्षित हैं’ के अनुरूप हम सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर हमें वोट दिया। यह महायुति, सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम अजित पवार और रामदास अठावले की जीत है, यह एकता की जीत है। विपक्ष की ओर से धर्म के आधार पर मतदाताओं के ध्रुवीकरण के प्रयासों को जनता ने नाकाम कर दिया।


