प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा में सेमीकॉन इंडिया 2024 (SEMICON India 2024) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत देश-विदेश की तमाम दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर कहा कि भारत दुनिया का आठवां देश है, जहां ग्लोबल सेमीकंडक्टर (SEMICON) इंडस्ट्री से जुड़ा ये आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा- मैं ये कह सकता हूं कि This is the right time to be in India. आज का भारत, दुनिया को भरोसा देता है, When the chips are down, you can bet on India!”
पीएम मोदी ने कहा- “भारत के डिजाइनर्स के टैलेंट को तो आप भली भांति जानते हैं। डिज़ाइनिंग की दुनिया में 20% टैलेंट का योगदान भारत करता है। इसका निरंतर विस्तार हो रहा है। हम 85 हजार टेक्नीशियन, इंजीनियर्स और R&D एक्स्पर्ट्स की सेमीकंडक्टर वर्क फोर्स तैयार कर रहे हैं। भारत का फोकस अपने स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल्स को सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री रेडी बनाने पर है।”
पीएम मोदी ने भरोसा दिया कि ग्लोबल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को ड्राइव करने में भारत बड़ी भूमिका निभाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की नीतियों के कारण ही बहुत कम समय में 1.5 ट्रिलियन रुपये से ज्यादा का निवेश इस क्षेत्र में भारत में हो चुका है।
उन्होंने कहा- “आज भारत का मंत्र है- increase the number of chips produced in India. इसलिए हमने सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग को आगे बढ़ाने के लिए बहुत सारे कदम उठाए हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “भारत में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी लगाने के लिए 50 प्रतिशत समर्थन भारत सरकार दे रही है। इसमें राज्य सरकारें भी अपने स्तर पर और मदद कर रही हैं। हमारा सपना है कि दुनिया की हर डिवाइस में इंडियन मेड चिप हो।”
उन्होंने कहा, “सेमीकंडक्टर पॉवरहाउस बनने के लिए जो भी जरूरी होगा, भारत वो सब करने वाला है। हम एक ऐसी दुनिया बनाना चाहते हैं, जो संकट के समय में भी रूके नहीं, ठहरे नहीं, निरंतर चलती रहे।”
सेमीकॉन (SEMICON) इंडिया 2024 का आयोजन ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।


