दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) को सांस लेने में तकलीफ होने के साथ-साथ खुजली की समस्या भी हो रही थी। वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि पूर्व में उनको सांस लेने या खुजली की कोई समस्या नहीं थी। आपको बता दें कि वीरेंद्र सचदेवा ने गुरुवार 24 अक्टूबर को यमुना की प्रदूषित पानी में डुबकी लगाई थी।
सरकार बनी तो करेंगे यमुना की सफाई- Virendra Sachdeva
यमुना में डुबकी लगाने के बाद उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला था। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा था – “आज यमुना में डुबकी लगाकर मैंने यमुना सफाई के मामले में केजरीवाल सरकार के धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार को उजागर किया है।” सचदेवा ने फरवरी 2025 में बीजेपी की सरकार बनने पर यमुना सफाई प्राधिकरण स्थापित करने का भी संकल्प लिया।
दिल्ली सरकार ने 8500 करोड़ का किया घोटाला- Virendra Sachdeva
दिल्ली में हर साल छठ पर्व के दौरान यमुना का प्रदूषण चर्चा का विषय बना रहता है। इस साल भी छठ पर्व से पहले यमुना नदी का प्रदूषण सियासी चर्चा में बना हुआ है। बीजेपी अध्यक्ष ने प्रदूषित यमुना की तरफ ध्यान खींचने के लिए यमुना नदी में डुबकी लगाई थी। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की सीएम आतिशी को भी यमुना में डुबकी लगाने का न्योता दिया है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने यमुना सफाई के लिए मिले 8500 करोड़ रुपए का घोटाला किया है।
यमुना में वेस्ट हरियाणा से आता है- सौरभ भारद्वाज
दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पलटवार करते हुए कहा कि यमुना में इंडस्ट्रियल वेस्ट पानीपत और सोनीपत के नालों से आता है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस बात की पुष्टि NGT ने भी की है। दिल्ली में कोई भी इंडस्ट्री इस वेस्ट के लिए जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अगर सचदेवा गंभीर हैं तो उन्हें हरियाणा सरकार के साथ इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए।
LG ने शेयर की यमुना के झाग की तस्वीर
यमुना प्रदूषण के मुद्दे पर दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना ने 22 अक्टूबर को तस्वीर साझा की। LG ने यमुना के जहरीले झाग की फोटो शेयर करते हुए लिखा आरोप लगाने के बजाय हमें दिल्ली के निवासियों खासकर छठ पूजा करने वालों को राहत प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।


