देश की राजधानी Delhi में फिर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के एक निजी स्कूल में 12 साल के छात्र की मौत हो गई है।
Delhi के एक प्राइवेट स्कूल में मामूली झगड़े में छठी क्लास के 12 साल के छात्र की मौत हो गई है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में मृतक के एक सहपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक छात्र की एक अन्य छात्र से टक्कर हो गई थी। जिसके बाद वहां मौजूद छात्रों ने उसकी पिटाई की और इसके कारण छात्र की मौत हो गई।
सीसीटीवी कैमरे में मामला हुआ कैद
Delhi पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि हमारे पास सीसीटीवी फुटेज है और हम अभी मामले की जांच कर रहे हैं। अभी तक हमें पता चला है कि सुबह की प्रार्थना सभा जाते समय मृतक छात्र का कंधा कुछ लड़कों से टकरा गया था। जिसके बाद उनके बीच तीखी बहस हो गई। वीडियो में नजर आ रहा है कि पकड़े गए छात्र समेत कुछ छात्रों ने मृतक छात्र के चेहरे पर मुक्का मारा और उसकी गर्दन पकड़ ली। हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
Delhi पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
आपको बता दें कि मृतक लड़का दिल्ली के वसंत विहार का रहने वाला है। मृतक लड़के का नाम प्रिंस कुमार है। प्रिंस की मामूली विवाद के बाद लड़ाई हो गई थी। लड़ाई के दौरान प्रिंस की मौत हो गई। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में चिन्मय विद्यालय के बाहर सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मृतक की कक्षा में ही पढ़ने वाले 12 साल के एक लड़के को गिरफ्तार कर लिया है।
आतिशी ने किया पीड़ित परिवार से मुलाकात
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वसंत विहार में 2 दिन पहले एक निजी स्कूल में 12 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। आज बच्चे के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा जांच कमिटी बनाई गई है। अगर स्कूल की कोई भी लापरवाही पाई गई तो सख्त से सख्त कारवाई होगी।
आज दिल्ली में जिस प्रकार अपराध का माहौल बन रहा है, लॉ एंड ऑर्डर का ब्रेकडाउन हो गया है। मारपीट-हत्या, गोलीबारी आम बात हो गई है। इसका असर बच्चों पर भी पड़ रहा है। ये बहुत चिंताजनक है। मेरी सभी दिल्लीवालों से अपील है कि, हम सभी को बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ साथ आना पड़ेगा वरना इसके बुरे असर से छोटे बच्चे भी अछूते नहीं रहेंगे।
EWS कोटे के तहत हुआ था स्कूल में दाखिला
पीड़ित के परिवार के सदस्यों ने बताया कि प्रिंस का EWS कोटे के तहत चिन्मय स्कूल में दाखिला मिला था। स्कूल प्रशासन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें यह बताते हुए गहरा दुख हो रहा है कि कक्षा से दूसरी कक्षा में जाने के दौरान परिसर में एक दुखद घटना हुई। स्कूल प्रशासन ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को सूचित किया तथा सभी संबंधित पक्षों को पूरा सहयोग किया।


