केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने मंगलवार को झारखंड में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए वक़्फ़ बोर्ड का मुद्दा उठाया।
उन्होंने वक्फ बोर्ड पर कर्नाटक में मंदिरों, ग्रामीणों और अन्य लोगों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बोर्ड में बदलाव किए जाएं और संबंधित अधिनियम में संशोधन किया जाए।
शाह (Amit Shah) ने यह भी दावा किया कि राज्य में UCC (समान नागरिक संहिता) लागू होने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को रोकने के लिए यूसीसी जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिया कि आदिवासियों को इसके दायरे से बाहर रखा जाएगा।
“वक़्फ़ बोर्ड में बदलाव की जरूरत”
बाघमारा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह (Amit Shah) ने कहा, “वक्फ बोर्ड को जमीन हड़पने की आदत है। कर्नाटक में इसने ग्रामीणों की संपत्ति हड़प ली है। इसने मंदिरों, किसानों और ग्रामीणों की जमीनें हड़प ली हैं।”
उन्होंने रैली में जुटे लोगों से पूछा- “मुझे बताएं कि वक्फ बोर्ड में बदलाव की जरूरत है या नहीं। हेमंत बाबू और राहुल गांधी कहते हैं कि नहीं। मैं आपसे कहता हूं कि उन्हें इसका विरोध करने दें, बीजेपी वक्फ अधिनियम में संशोधन करने के लिए विधेयक पारित करेगी। हमें कोई नहीं रोक सकता।”
“घुसपैठिए JMM के वोट बैंक”
अमित शाह ने झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन पर घुसपैठियों को अपना वोट बैंक बनाने का आरोप लगाया और दावा किया कि झारखंड में अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो अवैध प्रवासियों को ट्रेन से बांग्लादेश भेजा जाएगा।
शाह (Amit Shah) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओबीसी आरक्षण का विरोध करती है। उन्होंने कहा- “राहुल गांधी की चार पीढ़ियां आपके आरक्षण को छू नहीं सकतीं।”
अमित शाह ने कहा- “जेएमएम और राहुल बाबा ने देश को जातियों में बांटने का काम किया है। जबकि मोदी जी ने देश की सिर्फ चार जातियों…गरीब, महिला, युवा व किसानों को ही प्राथमिकता दी है।”
केंद्रीय गृह मंत्री ने वादा किया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो वह अगले पांच वर्षों में झारखंड को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाएगी।


