केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा है कि झारखंड में बीजेपी की सरकार बनने पर घुसपैठियों की पहचान करने और उन्हें राज्य से बाहर निकालने के लिए एक समिति गठित की जाएगी।
अमित शाह (Amit Shah) ने यह भी कहा कि झारखंड में बीजेपी की सरकार बनने पर घुसपैठियों द्वारा हड़पी गई जमीन को वापस लेने का काम भी किया जाएगा।
अमित शाह ने सोमवार को सरायकेला में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आदिवासी महिलाओं से शादी करने पर घुसपैठियों को जमीन हस्तांतरित करने से रोकने के लिए एक कानून लाया जाएगा।
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा- “झारखंड में आदिवासी आबादी घट रही है। घुसपैठिए हमारी बेटियों से शादी करके जमीन हड़प रहे हैं। हम आदिवासी महिलाओं से शादी करने पर घुसपैठियों को जमीन हस्तांतरित करने से रोकने के लिए कानून लाएंगे। हम घुसपैठियों की पहचान करने, उन्हें बाहर निकालने और उनके द्वारा हड़पी गई जमीन को वापस लेने के लिए एक समिति भी बनाएंगे।”
अमित शाह ने कहा- “अभी-अभी कांग्रेस ने महाराष्ट्र में वादा किया है कि हम मुसलमानों को आरक्षण देंगे। अगर वो मुसलमानों को आरक्षण देंगे, तो आदिवासी, दलित व पिछड़ा वर्ग का आरक्षण काट कर देना पड़ेगा। लेकिन आप चिंता मत करो, आदिवासी, दलित व पिछड़ों के आरक्षण को हम हाथ नहीं लगाने देंगे।”
उन्होंने कहा- “कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आदिवासियों का अपमान किया। आजादी के बाद 75 साल तक देश में कभी कोई आदिवासी राष्ट्रपति नहीं बना। मोदी जी ने पहली बार गरीब आदिवासी की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनाया।”
“चंपाई का अपमान”
अमित शाह ने हेमंत सोरेन पर चंपाई सोरेन के अपमान का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा- “चंपाई सोरेन जी इतने वर्षों तक वफादारी के साथ गुरु जी के साथ रहे, हेमंत जी के साथ रहे, लेकिन जिस तरीके से अपमानित करके चंपाई जी को निकाला गया, वह सिर्फ चंपाई सोरेन जी का अपमान नहीं है, पूरे आदिवासी समाज का अपमान है। मुद्दा सिर्फ इतना था कि चंपाई सोरेन जी ने कहा, ये भ्रष्टाचार बंद होना चाहिए, वो (जेएमएम) भ्रष्टाचार बंद करने को तैयार नहीं थे।”
“घोटालेबाज सरकार”
केंद्रीय गृह मंत्री ने झारखंड की मौजूदा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा- “जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी ने एक हजार करोड़ रुपये का मनरेगा घोटाला किया, 300 करोड़ रुपये का जमीन घोटाला किया, सेना की जमीन भी हड़प ली, एक हजार करोड़ रुपये का खनन घोटाला किया और हजारों करोड़ रुपये का शराब घोटाला किया। ये घोटाले करने वाली सरकार है।”
उन्होंने कहा- “एक ओर ये इंडी अलायंस खुद को अपने कार्यकर्ताओं को करोड़पति बनाने के लिए काम करती है, तो वहीं मोदी जी हमारी बहनों को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लिए काम कर रहे हैं।”


