दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने Arvind Kejriwal के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है।
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को Arvind Kejriwal के खिलाफ कथित शराब नीति घोटाले के मामले में मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है। आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों से कुछ सप्ताह पहले यह अनुमति दी गई है।
ED ने LG से मांगी थी अनुमति
इस मामले में आम आदमी पार्टी ने एलजी की तरफ से दिए गए अप्रूवल लेटर की मांग की है। सूत्रों के अनुसार, ED ने 5 दिसंबर को दिल्ली के उपराज्यपाल से अनुमति की मांग की थी। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जब कोई सरकारी कर्मचारी के ऊपर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में फंसा होता है, तो उसके खिलाफ मुकदमा चलाने से पहले सरकार की अनुमति लेनी आवश्यक होती है।
ED को मंजूरी की कॉपी सार्वजनिक करने में क्या दिक्कत है- आतिशी
आम आदमी पार्टी ने मुकदमे की बात को झूठा और भ्रामक बताया है। आप ने ईडी से उपराज्यपाल की तरफ से दी गई मंजूरी की प्रति दिखाने की मांग की है। दिल्ली की सीएम आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अगर एलजी साहब ने अरविंद केजरीवाल जी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है, तो ED को मंजूरी की कॉपी सार्वजनिक करने में क्या दिक्कत है?
यह खबर गुमराह करने वाली है- मनीष सिसोदिया
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि अगर LG विनय सक्सेना जी ने अरविंद केजरीवाल जी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है, तो ED उस मंजूरी की कॉपी क्यों नहीं दिखा रही? यह साफ है कि यह खबर झूठ और गुमराह करने वाली है।
मुकदमा चलाने के फैसले का स्वागत है- BJP
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने Arvind Kejriwal पर मुकदमा चलाने के फैसले का स्वागत किया है। सचदेवा ने कहा कि हम शुरुआत से कहते रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाले में कमीशन लिया है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, वह फंसेंगे। उन्होंने दिल्ली को बर्बाद कर दिया है और करोड़ों रुपए लूटे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम जांच का स्वागत करते हैं।
बाबा साहब के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए जुमलेबाजी कर रही है बीजेपी- AAP
आप ने कहा कि बीजेपी बाबा साहब के अपमान के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए जुमलेबाजी कर रही है। आप ने मांग कि दिखावा बंद करो और ED को मुकदमा चलाने के लिए दी गई मंजूरी दिखाओ। ये खबर सिर्फ लोगों को गुमराह करने, मुद्दों से भटकाने के लिए फैलाई जा रही है। भाजपा ये साजिशें बंद करो। सच सामने लाओ।
ED ने केजरीवाल को किया था गिरफ्तार
आपको बता दें कि इससे पहले ED ने मार्च और जून में Arvind Kejriwal को मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया था। हालांकि, उन्हें सुप्रीम कोर्ट से दोनों मामलों में जमानत मिल चुकी है। इसके बाद, केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दायर कर ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी। जिसमें ED की सातवीं आरोपपत्र पर संज्ञान लिया गया था।


