फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज अभिनेत्री जया बच्चन फैमिली-ड्रामा फिल्म ‘Dil Ka Darwaaza Khol Na Darling’ के साथ दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए तैयार हैं। फिल्म का फर्स्ट लुक आ चुका है, जिसमें जया बच्चन गीत गाती नजर आ रही हैं।
Dil Ka Darwaaza Khol Na Darling फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहला लुक पोस्टर शेयर किया है, जिसमें जया माइक पकड़कर हंसते हुए गा रही हैं। फिल्म की शूटिंग गोवा में शुरू हो चुकी है। पोस्ट में लिखा है, “प्यार और हंसी को अनलॉक करते हुए, ‘दिल का दरवाजा खोल ना डार्लिंग’ 2025 में स्क्रीन पर आ रही है!”
विकास बहल के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में जया बच्चन के साथ सिद्धांत चतुर्वेदी और वामिका गब्बी के अलावा स्वानंद किरकिरे भी हैं। सिद्धांत ने फिल्म अनाउंस करने के लिए अपने इंस्टाग्राम का सहारा लिया।
सोशल मीडिया पर सिद्धांत ने जया बच्चन और वामिका की तस्वीरें भी शेयर कीं। पहली तस्वीर में जया मंच पर बैठकर गाते हुए खुशी से झूमती नजर आ रही हैं। उन्होंने एक सफेद शर्ट के साथ एक काले रंग की लंबी स्कर्ट और एक मैचिंग दुपट्टा पहन रखा है। उनके पीछे सिद्धांत और वामिका मस्ती में डांस करते नजर आ रहे हैं।

‘Dil Ka Darwaaza Khol Na Darling’ टिप्स फिल्म्स लिमिटेड, बावेजा स्टूडियोज लिमिटेड और जंपिंग टोमेटो स्टूडियो द्वारा प्रस्तुत एक फैमिली-ड्रामा फिल्म है।
फिल्म Dil Ka Darwaaza Khol Na Darling का निर्माण रमेश तौरानी, हरमन बावेजा, रोहनदीप सिंह, विराज सावंत और रमेश पुलपका ने किया है। फैमिली ड्रामा में स्वानंद किरकिरे भी अहम रोल में हैं।
इस फिल्म में वामिका और सिद्धांत पहली बार सिनेमा के रुपहले पर्दे पर साथ दिखेंगे।
जया बच्चन की बात करें तो वो इससे पहले साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, धर्मेंद्र, शबाना आजमी, तोता रॉय चौधरी, चूर्णी गांगुली, आमिर बशीर और क्षिति जोग के साथ नजर आई थीं। फिल्म में दिग्गज अभिनेत्री ने रॉकी की दादी धनलक्ष्मी रंधावा की भूमिका निभाई थी।


