बिहार के ऊर्जा मंत्रालय में कथित टेंडर घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने IAS अधिकारी संजीव हंस और राजद के पूर्व विधायक गुलाब यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
संजीव हंस की गिरफ्तारी पटना स्थित उनके सरकारी आवास से, जबकि गुलाब यादव की गिरफ्तारी दिल्ली स्थित एक रिसॉर्ट से की गई है।
ED ने इस मामले में ऊर्जा विभाग के तत्कालीन प्रमुख सचिव संजीव हंस के खिलाफ अगस्त में मामला दर्ज किया था। इसके बाद संजीव हंस का तबादला कर उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग में भेज दिया गया था।
ईडी ने राजद के पूर्व विधायक गुलाब यादब को भी गिरफ्तार किया है। बता दें कि गुलाब यादव झंझारपुर से विधायक रह चुके हैं।
गुरुवार को ईडी (ED) ने संजीव हंस और गुलाब यादव के कई ठिकानों पर छापा मारा है। संजीव हंस को शुक्रवार को पटना से और गुलाब यादव को दिल्ली से मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक अधिनियम (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया गया है। ईडी के मुताबिक संजीव हंस ने पंजाब के मोहाली और कसौली में करोड़ों की बेनामी संपत्ति खरीद रखी है।
ईडी ने यह कार्रवाई बिहार पुलिस द्वारा दर्ज एक FIR के आधार पर की है। ईडी (ED) ने बिहार स्पेशल विजिलेंस यूनिट के साथ जो जानकारी साझा की है उसके मुताबिक 14 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि FIR संजय हंस और उनके परिवार के सदस्यों सहित करीब 14 लोगों पर दर्ज किया गया है।
इस टेंडर घोटाले के मामले में ईडी (ED) ने बड़े पैमाने पर छानबीन की है, जिसमें कथित रूप से ठेके देने में अनियमितताएं और घूसखोरी का आरोप लगा है।
ईडी के अधिकारियों का कहना है कि हंस और यादव ने टेंडर में धांधली करके सरकारी ठेकों से भारी मुनाफा कमाया है। इस घोटाले में सरकारी धन का दुरुपयोग और निजी लाभ के लिए पद का दुरुपयोग भी किया गया है।
हंस और यादव पर लग चुका है रेप का आरोप
IAS संजीव हंस और गुलाब यादव पर पहले भी एक महिला को सरकारी पैनल में स्थान दिलाने के नाम पर यौन शोषण करने का आरोप लग चुका है। हालांकि, पटना हाई कोर्ट ने अगस्त में इस मामले को खारिज कर दिया था।
संजीव हंस और गुलाब यादव पर लगे इस आरोप के बाद से उनकी छवि विवादों में रही है और अब टेंडर घोटाले में उनकी गिरफ्तारी से मामला और गंभीर हो गया है। इस घोटाले की जांच अभी जारी है।
ईडी (ED) ने उम्मीद जताई है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस मामले में और भी नए खुलासे हो सकते हैं।
गुलाब यादव मधुबनी की झंझारपुर सीट से विधायक रह चुके हैं। हाल ही में 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें आरजेडी से टिकट नहीं मिला था। ऐसे में गुलाब यादव BSP के टिकट पर चुनाव लड़े थे। हालांकि वे चुनाव जीत नहीं सके।
बता दें कि गुलाब यादव की पत्नी अंबिका यादव MLC हैं। वहीं गुलाब यादव की बेटी बिंदु यादव जिला परिषद की अध्यक्ष हैं।


