महाराष्ट्र में 20 नवंबर को चुनाव होने वाला है। मतदान से पहले राज्य में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। PM Modi ने आज जनसभा को संबोधित किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को महाराष्ट्र के चिमूर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी कश्मीर में फिर से आर्टिकल 370 वापस लाने का प्रस्ताव जम्मू-कश्मीर विधानसभा में लाए हैं। ये लोग वो काम करे हैं जो पाकिस्तान चाहता है। पीएम ने जनता से पूछा कि क्या आप कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को कश्मीर में अनुच्छेद 370 वापस लाने देंगे?
हमारी सरकार ने नक्सलवाद पर लगाम लगाया है- PM Modi
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि चंद्रपुर के इस क्षेत्र ने भी दशकों तक नक्सलवाद की आग को झेला है। कांग्रेस और उसके साथियों ने आपको सिर्फ और सिर्फ खूनी खेल दिया है। हमारी सरकार ने नक्सलवाद पर लगाम लगाई है।
अघाड़ी वालों ने की है विकास पर ब्रेक लगाने में पीएचडी- PM Modi
पीएम ने महा विकास अघाड़ी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि महाराष्ट्र का तेज विकास अघाड़ी वालों के बस की बात नहीं है। अघाड़ी वालों ने विकास के काम पर ब्रेक लगाने में पीएचडी कर रखी है। उन्होंने आगे कहा कि अघाड़ी मतलब भ्रष्टाचार के सबसे बड़े खिलाड़ी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस चाहती है कि आपकी एकता टूट जाए। आदिवासी समाज जातियों में बटेगा तो उसकी पहचान और ताकत खत्म हो जाएगी।
हम एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे- PM Modi
पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के शहजादे विदेश जाकर खुद ये ऐलान कर चुके हैं। इसलिए मैं कहता हूं कि हमें कांग्रेस के इस षड्यंत्र का शिकार नहीं होना है, हमें एकजुट रहना है। इसलिए मेरा आपसे आग्रह है कि हम एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।
कांग्रेस आपका आरक्षण छीन लेगी
प्रधानमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अगर आप एक नहीं रहे, आपकी एकजुटता टूटी, तो सबसे पहले कांग्रेस आपका आरक्षण छीन लेगी। कांग्रेस के शाही परिवार की हमेशा से मानसिकता रही है कि वो इस देश में राज करने के लिए पैदा हुआ है। आजादी के बाद इसलिए ही कांग्रेस ने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों को आगे बढ़ने नहीं दिया।
कांग्रेस आपको बांटकर कमजोर करना चाहती है- PM Modi
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं आपको कांग्रेस और उसके साथियों की एक बड़ी साजिश से भी सावधान करा रहा हूं। हमारे देश में आदिवासी समाज की जनसंख्या करीब 10 फीसदी है। कांग्रेस अब आदिवासी समाज को जातियों में बांटकर कमजोर करना चाहती है। कांग्रेस चाहती है कि हमारे आदिवासी भाई ST के रूप में अपनी पहचान खो दें। पीएम ने आगे कहा कि आपकी ताकत से ही आपकी पहचान बनी है।


