बॉलीवुड अभिनेता Farhan Akhtar की आगामी फिल्म ‘120 बहादुर’ का पोस्टर रिलीज हो गया है। भारत-चीन युद्ध के 62वीं वर्षगांठ पर अभिनेता ने पोस्टर शेयर कर 120 बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर कर Farhan Akhtar ने कैप्शन में लिखा “1962 को 62 साल हो चुके हैं। आज हम रेजांगला के वीरों के अद्वितीय साहस और बलिदान का सम्मान करते हैं। 120 बहादुर, मेजर शैतान सिंह और उनके जवानों की वीरता और अदम्य साहस को श्रद्धांजलि है।
ये 120 बहादुर कई बाधाओं के बावजूद अपनी जमीन पर डटे रहे, उनकी कहानी समय के साथ गूंजती है और हमें स्वतंत्रता की कीमत और एकता के ताकत की याद दिलाती है।” आपको बता दें कि रेजांगला लड़ाई के ऊपर ही इस फिल्म को बनाया गया है।
Farhan Akhtar ने किया अहीर समुदाय के बहादुरी को याद
फरहान अख्तर ने अहीर समुदाय के बारे में बात करते हुए कहा कि अहीर समुदाय को विशेष सलाम, जिनके बेटों ने हमारे देश की रक्षा में बेजोड़ बहादुरी दिखाई थी। उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि साल 1962 के भारत-चीन युद्ध के इस महत्वपूर्ण अध्याय के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले 120 बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि।
फरहान अख्तर ने फिल्म का एक पोस्टर भी शेयर किया। पोस्टर में वे बंदूक थामे हुए दिख रहे हैं और उनके मुंह पर खून लगा हुआ है। पोस्टर में लिखा है “वह तीन हजार थे और हम?” फरहान अख्तर ने बताया कि फिल्म सिनेमाघरों में 2025 में रिलीज के लिए तैयार है।
Farhan Akhtar ने निभा रहे हैं शैतान सिंह का किरदार
आपको बता दें कि 18 नवंबर, 1962 को लद्दाख की बर्फीली पहाड़ियों पर चार्ली कंपनी के 120 सैनिकों ने 3,000 से अधिक चीनी सैनिकों का सामना किया था। देश के वीर आखिरी दम तक साहस के साथ डटे रहे और देश की रक्षा की। बहादुरों के साहस और दृढ़ संकल्प ने रेजांगला को भारतीय सैन्य इतिहास में बलिदान और वीरता का एक स्थायी प्रतीक बना दिया।
एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियो ने ‘120 बहादुर’ फिल्म को बनाया है। इस फिल्म में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन रजनीश रजी घई ने किया है। जिसका निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी ने किया है।


