बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के फैंस के लिए एक अच्छी खबर है। सलमान खान और करिश्मा कपूर की फिल्म ‘Biwi No. 1’ का दर्शक एक बार फिर से आनंद उठा सकेंगे।
25 साल बाद सलमान-करिश्मा की जोड़ी सिनेमाघरों में नजर आने वाली है। Biwi No. 1 को 29 नवंबर को दोबारा रिलीज किया जाएगा। आपको बता दें कि बीवी नंबर 1 पहली बार साल 1999 में रिलीज हुई थी।
कॉमेडी फिल्में बड़े पर्दे पर देखना अच्छा लगता है- डेविड धवन
इस फिल्म का निर्देशन मशहूर भारतीय निर्देशक डेविड धवन ने किया था। इसके दोबारा रिलीज होने पर फिल्म निर्माता ने खुशी जाहिर की है। डेविड धवन ने कहा कि दर्शक आज भी फिल्म की कॉमेडी और परिवार संग मिल बैठकर बिताए पलों की बात करते हैं। कॉमेडी फिल्में बड़े पर्दे पर देखना सबसे अच्छा लगता हैं। Biwi No. 1 को फिर से रिलीज करने से प्रशंसकों को उन बीते पलों का दोबारा जश्न मनाने का मौका मिलेगा। साथ ही कुछ नए दर्शक भी इससे जुड़ पाएंगे।
डेविड धवन ने आगे कहा कि इस फिल्म में सुष्मिता सेन, तब्बू और अनिल कपूर अहम किरदार निभा रहे हैं। Biwi No. 1 प्यार, वफादारी, निष्ठा और परिवार के विषयों पर बात करती है। इस फिल्म ने दिखाया है कि कैसे परंपरा और आधुनिकता के बीच एक बेहतरीन संतुलन बनाया जा सकता है। शायद ही उस दौर की कोई कॉमेडी फिल्म यह मुकाम हासिल कर पाई हो।
फिल्म हमेशा लोगों के दिलों पर राज करती रहेगी- वाशु भगनानी
निर्माता वाशु भगनानी ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि Biwi No. 1 हमारे दिलों में एक खास जगह रखती है। फिल्म ने तमाम मुश्किलों के बावजूद दर्शकों को जोड़ा और लाखों लोगों का दिल जीता। इसे बड़े पर्दे पर वापस लाकर हम फिर से उन हंसी ठहाकों को जी पाएंगे। यह फिल्म हमेशा लोगों के दिलों पर राज करती रहेगी। हम चाहते हैं कि हर सिने प्रेमी उन हंसी के पलों को जी पाए।
आपको बता दें कि फिल्म में एक साधारण गृहिणी पूजा की कहानी दिखाई गई है, जो अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती है। हालांकि जब उसका पति उसे एक खूबसूरत मॉडल रूपाली के लिए छोड़ देता है, तो उसका ध्यान खींचने के लिए वह एक ग्लैमरस अवतार में आ जाती है।
25वीं वर्षगांठ पर रिलीज होगी फिल्म
पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स की लीड स्ट्रैटेजिस्ट निहारिका बिजली ने कहा कि फिल्म की 25वीं वर्षगांठ मनाने के लिए हम इस क्लासिक फिल्म को सिनेमाघरों में दिखाएंगे। हम इसे लेकर काफी उत्साहित हैं। हमें यकीन है कि नई पीढ़ी पहली बार सिल्वर स्क्रीन पर इसे देख खुश होगी। यह पुराने दर्शकों को भी क्लासिक्स संग जुड़ने का खास मौका देगी।
पूजा एंटरटेनमेंट के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया गया, जिससे सभी प्रशंसकों को पुरानी यादें ताजा हो गईं। आपको बता दें कि वाशु भगनानी और पूजा एंटरटेनमेंट की बीवी नंबर 1 को पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स 29 नवंबर को री-रिलीज किया जा रहा है।


