Pune Helicopter Crash: महाराष्ट्र के पुणे जिले में आज सुबह एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है।
यह घटना पुणे (Pune) के दक्षिण-पश्चिम स्थित बावधन के पहाड़ी इलाके में सुबह तकरीबन 7:30 बजे हुई। सुबह हेलीकॉप्टर ने ऑक्सफोर्ड गोल्फ कोर्स स्थित हेलीपैड से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
क्रैश होने के बाद हेलीकॉप्टर में आग लग गई जिसके कारण हेलीकॉप्टर में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में हेलीकॉप्टर के दो पायलट और एक इंजीनियर शामिल हैं।
घटना के वक़्त हेलीकॉप्टर में दो पायलट- परमजीत सिंह और जी के पिल्लई और एक इंजीनियर प्रीतम भारद्वाज मौजूद थे।
पुणे पुलिस (Pune Police) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के पांच मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार कम विजिबिलिटी के कारण हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया।
हेलीकॉप्टर दिल्ली स्थित हेरिटेज एविएशन कपंनी का था। पुणे पुलिस ने जानकारी दी है कि हेलीकॉप्टर का पंजीकरण नंबर वीटी ईवीवी है।
बता दें कि हेलीकॉप्टर को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने किराए पर लिया था। हेलिकॉप्टर पुणे (Pune) से उड़ान भर कर मुंबई जा रहा था। NCP प्रमुख सुनील तटकरे के मुताबिक वह इसी हेलीकॉप्टर से रायगढ़ का दौरा करने जाने वाले थे।
डीजीसीए के एक अधिकारी ने कहा कि हेलिकॉप्टर पर दो पायलट और एक एएमई मौजूद थे और कोई यात्री नहीं था। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि जहाज पर चालक दल के सभी तीनों सदस्यों को हादसे में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
बता दें कि इस साल अगस्त में, इसी तरह की एक और घटना सामने आई थी जब एक निजी हेलीकॉप्टर मुंबई के जुहू से हैदराबाद जाते समय पुणे (Pune) के पौड गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर में सवार चार लोग घायल हो गए थे।


