बिहार के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) एक बार फिर से विवादों में घिर गए हैं।
बीजेपी ने Tejashwi Yadav के खाली किए गए सरकारी बंगले से सोफा, पानी के नल, वॉश बेसिन, एयर कंडीशनर, लाइट, बेड गायब होने का दावा किया है। बीजेपी ने तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) पर सरकारी आवास से सामान “चोरी” करने का आरोप लगाया है।
इन आरोपों के बाद तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी ने बीजेपी पर पलटवार किया है। उन्होंने सरकारी आवास से गायब हुए समानों की सूची जारी करने को कहा है।
आपको बता दें कि बीजेपी ने साल 2017 में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी सरकारी आवास से टोंटी चोरी करने का आरोप लगाया था। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अखिलेश यादव की तरह सरकारी आवास से बेड, बेसिन, AC और टोंटी तक उखाड़ ले गए तेजस्वी यादव..
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना में 5 देशरत्न मार्ग स्थित बंगले में शिफ्ट होने वाले हैं। सम्राट चौधरी विजयादशमी के अवसर पर नए घर में शिफ्ट होने वाले हैं। आपको बता दें कि पहले यह आवास तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के पास था। हाल ही में उन्होंने आवास खाली किया है।
सम्राट चौधरी के निजी सचिव शत्रुघ्न प्रसाद ने समाचार एजेंसी IANS को बताया, “हम इस बात को सामने ला रहे हैं कि किस तरह उपमुख्यमंत्री के घर से सामान चोरी हुआ है। जब सुशील मोदी इस घर में शिफ्ट हुए थे, तब यहां दो हाइड्रोलिक बेड थे, मेहमानों के लिए सोफा सेट था, ये सभी चीजें गायब हैं।”
उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री (Tejashwi Yadav) पर आरोप लगाते हुए कहा कि आवास से 20 से अधिक एसी गायब हैं। ऑपरेटिंग रूम में कोई कंप्यूटर या कुर्सी नहीं है। रसोई में कोई फ्रिज या RO नहीं है। दीवारों से लाइटें ली गायब कर दी गई हैं। आवास से वॉश बेसिन, पानी के नल और फर्नीचर जैसी आवश्यक चीजें गायब हैं। हाइड्रोलिक बेड हटा दिया गया है। बैडमिंटन कोर्ट की चटाई तक हटा दी गई है। जिम खाली है, जिम से व्यायाम करने वाली मशीनें गायब हैं। फाउंडेशन की लाइटें तक हटा दी गई हैं।
वहीं राजद ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि वह भवन निर्माण विभाग से सूची जारी करवाए और ऐसा न करने पर माफी मांगे। आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा, “बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता ने 5 देशरत्न मार्ग बंगला खाली कर दिया है। भवन निर्माण विभाग को सूची जारी करनी चाहिए। हमारे पास सारे सबूत हैं। हमारे लोग मीडिया के साथ मिलकर वीडियो भी बना रहे थे। हम आपको चुनौती देते हैं कि आप सूची जारी करें अगर आप ऐसा नहीं कर सकते तो फिर माफी मांगें।”


