भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन (Bharat Gaurav Tourist Train) नेपाल के लिए रवाना हो गई है। भारत-नेपाल यात्रा के लिए इस सुविधा की शुरुआत भारतीय रेल और आईआरसीटीसी ने की है।
इस टूरिस्ट ट्रेन के जरिए पर्यटक अब भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत का बेहतरीन अनुभव कर सकेंगे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
यह ट्रेन (Bharat Gaurav Tourist Train) अपने पैकेज में अयोध्या, सीतामढ़ी, जनकपुर, काशी विश्वनाथ और पशुपतिनाथ को कवर करेगी।
इस ट्रेन पर हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के अलावा गाज़ियाबाद, चिपियाना बुजुर्ग, अलीगढ़, टुंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ में चढ़ने और उतरने की सुविधा होगी।
ट्रेन (Bharat Gaurav Tourist Train) के पैकेज में अयोध्या, वाराणसी, सीतामढ़ी, जनकपुर, काठमांडू और पोखरा के महत्वपूर्ण और धार्मिक स्थलों की सैर और दर्शन शामिल है।
यात्रियों के ठहरने और यात्रा की सभी व्यवस्थाएं भारतीय रेलवे की तरफ से वहन की जाएंगी।
यह पूरा पैकेज पूरे 10 दिन और 9 रातों का है। इस पैकेज के लिए आपको 60900 रुपये प्रति व्यक्ति से लेकर 105500 रुपये प्रति व्यक्ति तक देना होगा।
रेलवे के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति का अनुभव कराने के लिए भारत गौरव यात्रा के रूप में एक के बाद एक भारत गौरव यात्रा ट्रेनें जोड़ी जा रही हैं।
भारतीय रेलवे अब तक श्री रामायण यात्रा, श्री जगन्नाथ यात्रा, बुद्ध यात्रा, महावीर यात्रा, गुरु कृपा यात्रा, ज्योतिर्लिंग भक्ति यात्रा, अंबेडकर यात्रा, चारधाम यात्रा, पुण्य काशी यात्रा, पूर्वोत्तर खोज, उत्तर भारत यात्रा और दक्षिण भारत यात्रा का संचालन कर चुका है।


