भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) में होने वाले चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र (Manifesto) जारी कर दिया है। शुक्रवार को जम्मू पहुंचे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने पार्टी का घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी किया।
अमित शाह ने इस मौके पर कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- “JKNC का एजेंडा ही कांग्रेस पार्टी का भी मूल एजेंडा है। मैं राहुल गांधी जी से पूछना चाहता हूं कि आप देश और Jammu-Kashmir की जनता के सामने स्पष्ट करिए, आपके मौन धारण करने से कुछ नहीं होगा। क्या नेशनल कॉन्फ्रेंस के एजेंडा साथ कांग्रेस पार्टी सहमत है या नहीं? आप हां या ना में जवाब दीजिए।”
शाह ने कहा- “आजादी के समय से ही हमारी पार्टी के लिए Jammu-Kashmir का ये भूभाग बहुत महत्वपूर्ण रहा है और आजादी के समय से ही हमने इस भूभाग को हमेशा भारत के साथ जोड़े रखने के लिए प्रयास किए। पंडित प्रेमनाथ डोगरा से लेकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की शहादत तक…ये पूरा संघर्ष पहले भारतीय जनसंघ और फिर भारतीय जनता पार्टी ने आगे बढ़ाया। क्योंकि हमारी पार्टी मानती है कि जम्मू-कश्मीर हमेशा से भारत का हिस्सा है और रहेगा।”
शाह ने आगे कहा- “पहले यहां डेमोक्रेसी तीन परिवारों में ही सीमित होकर रह गई थी। ना पंचायत चुनाव होते थे, ना तहसील पंचायतें बनती थी, ना जिला पंचायतें होती थीं। भाजपा की सरकार ने ग्राम पंचायत, तहसील पंचायत, जिला पंचायत और municipality का चुनाव कराकर पंचायती राज को बहाल करने का काम किया है और लोकतंत्र को प्रस्थापित किया है।”
अमित शाह ने कहा- “धारा 370 और 35ए…अब पास्ट बन चुका है, वो हमारे संविधान का हिस्सा नहीं है। इसका पूरा भारत और Jammu-Kashmir की जनता को आनंद है। क्योंकि धारा 370 ही वो कड़ी थी जो कश्मीर के अंदर युवाओं को उनके हाथ में पत्थर और हथियार पकड़ाती थी।”
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा- “2014 तक जम्मू-कश्मीर पर हमेशा आतंकवाद और अलगाववाद की परछाईं रही। ये हमेशा जम्मू-कश्मीर को अस्थिर करते रहे और सभी सरकारों ने एक प्रकार से तुष्टिकरण की राजनीति से जम्मू-कश्मीर को डील किया। 2014 से 2024 का ये कालखंड…जब जम्मू-कश्मीर और भारत का इतिहास लिखा जाएगा, जम्मू-कश्मीर को स्वर्णिम अक्षरों से अंकित किया जाएगा। ये 10 साल…जम्मू-कश्मीर के लिए शांति और विकास के रहे हैं, सुशासन के रहे हैं। इस 10 साल में ये राज्य मैक्सिमम टेररिज्म से, मैक्सिमम टूरिज्म की ओर शिफ्ट हुआ है।”
अमित शाह ने कहा- “आज पीएम मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में विकास के क्षेत्र में ढेर सारे काम हुए हैं। हमारा संकल्प है- शांतिपूर्ण, सुरक्षित, विकसित और समृद्ध जम्मू-कश्मीर का निर्माण करना। मोदी जी के नेतृत्व में 10 साल में यहां विकास के ढेर सारे काम हुए हैं, हम मंजिल के काफी करीब हैं।”
बीजेपी के घोषणापत्र की बड़ी बातें:-
- एक शांतिपूर्ण और समृद्ध Jammu-Kashmir का निर्माण करेंगे एवं आतंकवाद और अलगाववाद का पूर्णतः सफाया करेंगे।
- मजबूत अर्थव्यवस्था के निर्माण को गति मिलेगी।
- वंचितों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।
- सभी के लिए सस्ती स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने हेतु आयुष्मान भारत सेहत योजना के 5 लाख रुपये के कवरेज के अतिरिक्त 2 लाख रुपये प्रदान करेंगे।
- विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्टर का निर्माण करते हुए सभी महत्वपूर्ण सुरंग परियोजनाओं को पूर्ण किया जाएगा, 10,000 किमी नई ग्रामीण सड़कों का निर्माण एवं जम्मू और श्रीनगर में मेट्रो सेवाएं जल्दी शुरू करेंगे।
- एडहॉक/संविदा/दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा एवं महत्वपूर्ण सामुदायिक कर्मियों की लक्षित शिकायतों के समाधान के लिए अतिरिक्त सहायता प्रदान करेंगे।
- मां सम्मान योजना के तहत हर घर की सबसे वरिष्ठ महिला को प्रतिवर्ष 18,000 रुपये दिए जाएंगे एवं उज्ज्वला लाभार्थियों को हर साल 2 मुफ्त सिलेंडर दिए जाएंगे।
- प्रदेश के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 10,000 रुपये प्रदान करेंगे और कृषि गतिविधियों के लिए बिजली की दरों को 50% तक कम करेंगे।
- Jammu-Kashmir की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने हेतु तीन क्षेत्रीय विकास बोर्ड की स्थापना की जाएगी, साथ ही जम्मू में SEZ के रूप में IT Hub की, उधमपुर में फार्मास्युटिकल पार्क एवं किश्तवाड़ में आयुष हर्बल पार्क की स्थापना की जाएगी।
- विस्थापितों का तेजी से पुनर्वास होगा।
- शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु प्रगति शिक्षा योजना के तहत कॉलेज के विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 3,000 रुपये का ट्रेवल अलाउंस दिया जाएगा और मेडिकल कॉलेजों में 1,000 नई सीटें जोड़ी जाएंगी।
- युवाओं के लिए 5 लाख रोजगार के अवसरों का उत्सर्जन किया जाएगा एवं निष्पक्ष और न्यायपूर्ण भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
- अटल आवास योजना के माध्यम से भूमिहीन लाभार्थियों को जमीन का मुफ्त आवंटन किया जाएगा एवं वृद्धावस्था, विधवा व विकलांगता पेंशन को तीन गुना बढ़ाया जाएगा।
- हिंदू मंदिरों और धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार किया जाएगा।
- बिजली और पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।


