ओलंपियन विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) और पहलवान बजरंग पूनिया (Bajrang Punia) ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा के जुलाना से विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही हैं। बजरंग पूनिया चुनाव तो नहीं लड़ेंगे, लेकिन उन्हें अखिल भारतीय किसान कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। दोनों पहलवानों ने कांग्रेस ज्वाइन की तो सियासी गलियारों से कई तरह के कमेंट और रिएक्शन आने लगे। इसे लेकर बीजेपी नेता और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) ने क्या कहा है, आइए जानते हैं-
विनेश फोगाट के खिलाफ करूंगा प्रचार- बृज भूषण
विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) और बजरंग पूनिया पर हमलावर बृज भूषण सिंह का कहना है अगर उन्हें बीजेपी की तरफ से हरी झंडी मिलती है तो वो विनेश फोगाट के खिलाफ प्रचार करने के लिए मैदान में जरूर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने कुश्ती में काफी नाम कमाया है, लेकिन कांग्रेस में शामिल होने के बाद इनका नाम मिट जाएगा। बृज भूषण ने कहा कि ये लोग राजनीति को हवा समझते हैं। सच ये है कि ये हरियाणा में किसी भी सीट से चुनाव लड़ें, बीजेपी के उम्मीदवार इन्हें हरा देंगे।
बृज भूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगे हैं। इसे लेकर विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक ने मोर्चा खोल दिया था। उन आरोपों का जिक्र करते हुए, बृज भूषण का कहना कि मेरे खिलाफ जब महिला पहलवानों ने आरोप लगाए थे तभी मैंने कह दिया था कि यह कांग्रेस की साजिश है। हरियाणा के बड़े नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा हमारे खिलाफ साजिश कर रहे हैं। दोनों पहलवान जब कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए तभी मेरी बात पर मुहर लग गयी।
बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) ने कहा कि ये लोग राजनीति को आसान समझते हैं। सच ये है कि, ये हरियाणा की किसी भी सीट से चुनाव लड़ लें, भाजपा का कोई भी उम्मीदवार इन्हें हरा देगा।
बृज भूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) पर आरोप लगाते हुए कहा “मैं विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि क्या कोई खिलाड़ी एक दिन में दो भार श्रेणियों में ट्रायल दे सकता है? क्या वजन के बाद ट्रायल को पांच घंटे के लिए रोका जा सकता है? आप कुश्ती नहीं जीतीं। आप धोखाधड़ी करके वहां गईं। भगवान ने आपको इसके लिए दंडित किया है।’ बृज भूषण ओलंपिक 2024 की बात कर रहे थे। जहां विनेश फोगाट का वजन ज्यादा होने की वजह से उन्हें अयोग्य करार दिया था। इस खबर ने देश के खेल प्रेमियों का दिल तोड़ दिया था।
विनेश फोगाट ने दिया रेलवे से इस्तीफा
विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) उत्तर रेलवे में लेवल 7 में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) के पद पर कार्यरत थीं। जब उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की रेलवे ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। इसके बाद जब विनेश फोगाट ने औपचारिक तौर पर कांग्रेस ज्वाइन की तो उन्होंने रेलवे से इस्तीफा दे दिया।


