हरियाणा चुनाव (Haryana Election 2024 ) से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में बगावत शुरू हो गई है। राज्य के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला (Ranjit Singh Chautala) ने इस्तीफा दे दिया है, वहीं टिकट नहीं मिलने से नाराज सावित्री जिंदल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
बीजेपी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election) के लिए बुधवार देर शाम को 67 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। लिस्ट आते ही पार्टी में बगावत शुरू हो गई है। लिस्ट में अपना नाम नहीं होने पर पार्टी के कई पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर ही इस्तीफा दे दिया।
सरकार में कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला रनिया विधानसभा से टिकट नहीं दिए जाने से नाराज थे। बीजेपी ने इस सीट से शीशपाल कंबोज को टिकट दिया है। बीजेपी के विधायक लक्ष्मण नापा ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
रणजीत चौटाला ने कहा कि भाजपा हाईकमान ने मुझे डबवाली से चुनाव लड़ने के लिए कहा था, लेकिन मैं वहां से नहीं लड़ना चाहता। मैं इसी समय पार्टी छोड़ रहा हूं। 90 फीसदी तय है कि रानियां विधानसभा से निर्दलीय ही चुनाव लड़ूँगा। आगामी 8 सितंबर को रानियां में बड़ा रोड शो निकालकर बीजेपी को अपनी ताकत का एहसास करवाएंगे।
गौरतलब है कि रणजीत चौटाला पूर्व डिप्टी पीएम चौधरी देवीलाल के बेटे हैं। भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी में शामिल कर हिसार से चुनाव लड़ाया था। हालांकि, वे चुनाव हार गए। इसके बाद वह अपनी विधानसभा सीट सिरसा के रानियां से फिर टिकट मांग रहे थे।
देश की चौथी सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल (Savitri Jindal) ने भी बगावत कर दी है। बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने हिसार सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
सावित्री जिंदल मशहूर उद्योगपति और कुरूक्षेत्र से बीजेपी सांसद नवीन जिंदल की मां हैं। हिसार सीट पर सावित्री जिंदल का मुकाबला बीजेपी के मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से होगा।
सावित्री जिंदल ने हिसार में अपने समर्थकों से कहा- “मैं भाजपा की प्राथमिक सदस्य नहीं हूं। मैं चुनाव न लड़ने के बारे में बोलने के लिए दिल्ली से वापस आई थी, लेकिन आपका प्यार और विश्वास देखकर मैं चुनाव लड़ूंगी।”
बीजेपी के सभी पदों से इस्तीफा देने वाले हरियाणा बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रमुख रहे करणदेव कंबोज ने कहा, “मैं और मेरा परिवार जन संघ के जमाने से ही बीजेपी में रहे हैं। अब यहां कांग्रेस की संस्कृति हावी हो रही है। कल कुछ ऐसे लोगों को पार्टी में शामिल कराया गया जिन्होंने पूरे प्रदेश में अव्यवस्था फैलाई थी।”
कंबोज ने कहा- “मैंने पांच साल तक ओबीसी समुदाय को बीजेपी से जोड़ने की कोशिश की लेकिन मेरी जगह किसी और को टिकट दिया गया। यह बाकी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धोखा है। हम इसका विरोध करेंगे।”
इस्तीफ़ा देने वालों में हरियाणा बीजेपी किसान मोर्चा के अध्यक्ष सुखवीर श्योराण, शमशेर गिल, सोनीपत से बीजेपी युवा कार्यकारिणी सदस्य और विधानसभा चुनाव प्रभारी अमित जैन के नाम भी शामिल हैं।
हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों पर आगामी 5 अक्टूबर को मतदान होना है। वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी और नतीजे भी उसी दिन आ जाएंगे।


