Haryana Elections: हरियाणा चुनाव के मद्देनज़र विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) और बजरंग पुनिया (Bajrang Punia) ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से मुलाक़ात की है और जिसके बाद सीटें भी तय हो गई हैं. हरियाणा की इन सीटों से बजरंग पुनिया और कुश्ती क्वीन विनेश फोगाट लड़ेंगी चुनाव. पढ़िए पूरी ख़बर
Bajrang Punia Vinesh Phogat : हरियाणा चुनाव की तारीख़ें नज़दीक आती जा रही हैं, जिसको लेकर सभी पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है. आए दिन सियासी गहमागमी, बयानों की बौछार, दलबदल और ज़ुबानी जंग राजनीति के दाल-भात में अचार और चटनी का काम करते हैं.
हरियाणा का विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Elections) और भी दिलचस्प हो चला है जब से ये जानकारी साफ़ हुई है कि इस चुनाव में कांग्रेस की ओर से बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट चुनाव लड़ने वाले हैं. इसी क्रम में विनेश और बजरंग ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल (K C Venugopal) से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद ये साफ़ हो गया है कि विनेश जुलाना और बजरंग बादली की सीट से चुनाव लड़ेंगे. सूत्रों की मानें तो कांग्रेस विनेश को गुड़गांव के पास किसी सीट से चुनान लड़ाना चाहती थी, लेकिन ख़ुद विनेश जुलाना सीट चाहती थीं.
किसान आंदोलन का किया समर्थन
किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर विनेश फोगाट ने किसानों के प्रति अपना समर्थन दर्ज किया था. वह शंभू बॉर्डर पहुंची थीं, हालांकि राजनीति में क़दम रखने का सवाल जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि वो अभी नहीं बता सकती हैं, लेकिन वो किसान आंदोलन का पूरा समर्थन करती हैं.
पहलवानों का आंदोलन
बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट 2023 में भाजपा के पूर्व सांसद और कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख ब्रजभूषण सिंह के खिलाफ़ यौन शोषण के आरोपों को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुईं थीं. महिला पहलवानों के हक़ और अस्मिता के इस आंदोलन में विनेश और बजरंग ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था. इस आंदोलन में राहुल गांधी समेत, कांग्रेस के कई बड़े नेता उनके समर्थन में पहुंचे थे.
पेरिस ओलंपिक घटना
पेरिस ओलंपिक में Vinesh Phogat ने 50 किलोग्राम वज़न के कैटीगरी में फाइट कर रहीं थीं, जहां पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन अतुल्नीय था. सिल्वर मेडल पक्का करने के बाद गोल्ड मेडल के लिए जिस दिन उनका फाइनल मुक़ाबला होना था उससे पहले ही 100 ग्राम अधिक वज़न होने की वजह से वो मुक़ाबले से बाहर हो गईं थीं. जिसकी वजह से उन्हें कोई मेडल नहीं मिल पाया. इस घटना के बाद 8 अगस्त को विनेश से कुश्ती से संन्यास की घोषणा कर दी थी.


