उत्तर प्रदेश के योगी सरकार में राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार (Sanjay Singh Gangwar) ने रविवार को अजीबोगरीब बयान दिया है।
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक गौशाला के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि यदि कैंसर के मरीज गौशाला की सफाई करें और नाद में लेटें तो कैंसर ठीक हो जाएगा। इसके अलावा उन्होंने (Sanjay Singh Gangwar) दावा किया कि गाय पर हाथ फेरने से ब्लड प्रेशर कंट्रोल होता है।
आपको बता दें कि नोगवा पकड़िया में 55 लाख रुपए की लागत से कान्हा गौशाला का निर्माण कराया गया है। राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार (Sanjay Singh Gangwar) गौशाला का उद्धाटन करने पहुंचे थे। राज्य मंत्री गंगवार ने गाय की पूजा अर्चना की और जनता को संबोधित किया।
जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर गाय की पीठ पर हाथ फेरा जाए तो ब्लड प्रेशर कम हो जाता है और मरीजों की दवा की डोज भी कम हो जाती है। उन्होंने कहा, “अगर कोई व्यक्ति रक्तचाप का मरीज है, तो उसे हर सुबह और शाम गाय की पीठ को सहलाना चाहिए। अगर वह 20 मिलीग्राम की दवा ले रहा है, तो यह 10 मिलीग्राम तक आ जाएगी।
योगी सरकार के मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने विवाह की सालगिरह और बच्चों का जन्मदिन गौशाला में ही मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईद पर मुस्लिम भाईयों को सेवइयां गाय के दूध से ही बनानी चाहिए। क्योंकि गाय का दूध अमृत के समान होता है।
हालांकि, मंत्री के इन दावों पर लोग सवाल उठा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि चिकित्सा विज्ञान में ऐसी बातें सिद्ध नहीं हुई हैं। यह भी कहा जा रहा है कि मंत्री के बयान से लोग गलतफहमी में पड़ सकते हैं और उन्हें सही चिकित्सा उपचार से वंचित किया जा सकता है।


