अक्टूबर (October) की पहली तारीख से कई ऐसे बदलाव होने जा रहे हैं जो आम आदमी की रोजमर्रा की ज़िंदगी से जुड़े हुए हैं। इनमें से कुछ बदलावों का आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा तो कुछ बदलाव ऐसे हैं जो लोगों की ज़िंदगी आसान भी करेंगे।
1 अक्टूबर (October) से गैस सिलेंडर, आधार-पैन कार्ड, इनकम टैक्स, PPF, TDS जैसी कई चीजों को लेकर सरकार कई बड़े बदलाव करने जा रही है। वो बड़े बदलाव कौन से हैं, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर…
सरकारी तेल कंपनियों की तरफ से हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों (LPG Cylinder Price) में बदलाव किया जाता है। फेस्टिव सीजन के चलते ये कयास लगाया जा रहा है कि इस महीने की शुरुआत में सरकार आपको सस्ते गैस सिलेंडर का तोहफा दे सकती है।
हाल के महीनों में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों के काफी उतार-चढ़ाव देखा गया, लेकिन 14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतें कुछ समय से स्थिर हैं।
1 अक्टूबर (October) से CNG और PNG के दाम में भी बदलाव होने वाला है।
केंद्र सरकार ने आधार नंबर (Aadhaar Number) के स्थान पर आधार नामांकन आईडी (Aadhaar Enrolment ID) देने की इजाजत देने के प्रावधान को बंद करने का फैसला किया है। केंद्र का यह फैसला 1 अक्टूबर से लागू हो रहा है। यानी अक्टूबर महीने से पैन बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज के तौर या आयकर रिटर्न दाखिल करते समय आप Aadhaar Enrolment ID नहीं दे पाएंगे। इसके लिए आधार नंबर ही देना होगा।
इस साल बजट (Budget 2024) में यह घोषणा की गई थी कि 1 अक्टूबर 2024 से फ्लोटिंग रेट बॉन्ड सहित केंद्र और राज्य सरकार के कुछ स्पेसिफिक बॉन्ड से 10% की दर से TDS काटा जाएगा। हालांकि, अगर साल भर में कमाई 10 हजार रुपये से कम है तो कोई TDS नहीं काटा जाएगा।
एक अक्टूबर (October) से शेयरों की बाय बैक पर डिविडेंड्स की तरह ही शेयरहोल्डर लेवल के टैक्स लागू होंगे। इससे निवेशकों पर टैक्स का बोझ बढ़ जाएगा। इसके अलावा किसी भी कैपिटल गेन या लॉस को कैलकुलेट करते समय इन शेयरों की अधिग्रहण लागत को ध्यान में रखा जाएगा।
पोस्ट ऑफिस अकाउंट पर ब्याज दरें भी 1 अक्टूबर से बदलने वाली हैं। नेशनल स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स (National Small Savings Scheme) के अकाउंट पर ब्याज दरों में बदलाव से आपकी ब्याज आय पर असर पड़ सकता है।
सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश को लेकर नए नियम 1 अक्टूबर (October) से लागू होने जा रहे हैं। इनके मुताबिक, ऐसे खाते जो लड़की के माता-पिता या कानूनी अभिभावक की तरफ से नहीं खोले गए हैं, उन्हें अब नई गाइडलाइन के हिसाब से अनिवार्य रूप से लड़की के माता-पिता या उनके कानूनी अभिभावक के नाम पर ट्रांसफर करना होगा।
नए नियमों के मुताबिक, केवल प्राकृतिक माता-पिता या कानूनी अभिभावक ही सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाते खोल और बंद कर सकते हैं। इस योजना के तहत यदि दो से अधिक खाते खोले जाते हैं, तो अन्य अतिरिक्त खाते बंद कर दिए जाएंगे.
केंद्र सरकार की ‘विवाद से विश्वास स्कीम 2024’ 1 अक्टूबर से लागू की जाएगी। इसकी मदद से इनकम टैक्स से जुड़े विवादों को शांतिपूर्ण तरीके सुलझाया जाएगा। इनमें कोर्ट और ट्रिब्यूनल के समक्ष लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा। इस योजना के तहत, करदाताओं को अपने लंबित आयकर मामलों को निपटाने का एक मौका दिया जाता है ताकि वे कानूनी लड़ाई और जुर्माने से बच सकें।
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) 1 अक्टूबर से नए नियम लागू करने जा रही है जिससे मोबाइल यूजर्स को कई फायदे होंगे। मोबाइल यूजर्स अब अपने क्षेत्र में मौजूद नेटवर्क की जानकारी पा सकेंगे और स्पैम कॉल्स कम आएंगे। पहले ये नियम 1 सितंबर से लागू किए जाने थे लेकिन TRAI की तरफ से इसे एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया था।
त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ 1 अक्टूबर से स्पेशल टिकट चेकिंग अभियान शुरू करने वाला है।


