हरियाणा में वोटिंग की तारीख (Haryana Election) नजदीक आने के साथ ही सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के पलवल तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोनीपत में चुनावी रैली (Haryana Election) की।
Haryana Election: पीएम मोदी के भाषण में मुख्य निशाने पर कांग्रेस पार्टी और दलित-आरक्षण रहे, वहीं राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोला।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण का आरोप लगते हुए कहा कि कांग्रेस का सिर्फ और सिर्फ एक ही एजेंडा है- वोट के लिए तुष्टिकरण, ज्यादा से ज्यादा तुष्टिकरण।

मोदी ने कांग्रेस पर दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देने का आरोप लगाते हुए कहा- “कर्नाटक में इन्होंने यही तो किया है। वहां कांग्रेस की सरकार बनते ही इन्होंने दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीनकर उसे अपने वोटबैंक में बांट दिया।”
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर देश की सबसे बड़ी दलित विरोधी पार्टी होने का आरोप लगाते हुए कहा- “इसी पार्टी ने दो-दो बार डॉ. अंबेडकर को चुनाव हरवाया। इन्होंने संसद के सेंट्रल हॉल में उनकी तस्वीर तक नहीं लगने दी।”
मोदी ने आगे कहा- “इनके एक नेता, जिन्होंने मिर्चपुर कांड के समय भी दलितों के साथ बदनीयती दिखाई थी, उनके ऑफिस में कांग्रेस कार्यकर्ता डंके की चोट पर कह रहे हैं कि ‘एक दिन आरक्षण खत्म होगा’। यानी कांग्रेस ने आरक्षण खत्म करने का प्लान बना लिया है और उनके लिए हरियाणा (Haryana Election) इसका टेस्ट स्टेट होने वाला है।”
राहुल का आरएसएस पर निशाना
इससे पहले राहुल गांधी ने सोनीपत में चुनावी रैली (Haryana Election) में कहा कि कांग्रेस नेता शेर हैं लेकिन RSS वालों में दम नहीं। ये लोग राहुल गांधी को देखकर छुप जाते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकसभा में भी जब वो भाषण देते है तो पीएम नरेंद्र मोदी निकल जाते हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वो बीजेपी या मोदी से नफरत नहीं करते। उन्होंने कहा- “हमारे दिल में मोहब्बत है, नफरत की कोई जगह नहीं है। मैं विचारधारा की लड़ाई लड़ता हूं, नरेंद्र मोदी या BJP किसी से नफरत नहीं करता हूं।”
राहुल गांधी ने कहा कि अगर हरियाणा में बेरोजगारी और अपराध पहले नंबर पर है तो उसका कारण नफरत है। उन्होंने कहा- “जिस दिन यहां मोहब्बत की सरकार बनेगी, उसी दिन से यहां…किसानों को MSP मिलेगी… नौजवानों को प्रदेश में रोजगार मिलेगा… हरियाणा में खुशहाली होगी… क्योंकि नफरत को मोहब्बत से ही काटा जा सकता है।”
पीएम मोदी से सवाल करते हुए राहुल गांधी ने कहा- ‘गुजरात में अडाणी पोर्ट में ड्रग्स पकड़ी गई, उस पर क्या कार्रवाई की गई, यह हरियाणा की जनता को बताएं।’
राहुल गांधी ने हरियाणा में भाजपा सरकार के परिवार पहचान पत्र (PPP) को परिवार परेशान पत्र बताया।


