T20 Cricket World Cup के एक क्वालीफायर मुकाबले में कुछ ऐसा हुआ जो चर्चा का विषय बना हुआ है। सिंगापुर के सामने मंगोलिया की पूरी टीम 10 रन पर ऑलआउट हो गई। पढ़िए पूरा मामला
T20 Cricket : जब भी न्यूनतम स्कोर की बात आती है लोग गाहे-बगाहे RCB फैन्स को ट्रोल करने लगते हैं। कभी मीम्स बना के तो कभी जुबानी हास-परिहास करके। लेकिन बीते दिन 5 सितंबर को आईसीसी मेन्स टी-20 के क्वालीफायर के तौर पर खेला गया एक मैच इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। जिसका ज़िक्र हर तरफ़ किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर ये ख़बर ट्रेंड होनी शुरू हुई तो मीम भी बनने लगे। आइए जानते हैं पूरा वाकया क्या था।
केवल 10 रन पर ही आउट हो गई पूरी टीम
ICC T20 क्वालीफायर का यह मैच मंगोलिया और सिंगापुर के बीच था। मैच में मंगोलिया की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी की।पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मंगोलिया की पूरी टीम महज़ 10 रन पर ही ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंगापुर की टीम ने 5 बॉल में मुकाबला खत्म कर जीत हासिल की। यह लक्ष्य हासिल करना भले ही सिंगापुर के लिए आसान रहा लेकिन उसने भी 1 विकेट गंवाया।
इसी के साथ टी-20 इतिहास में सबसे कम रन पर आउट होने वाली टीम के तौर पर मंगोलिया का नाम दर्ज हो गया है। जहां पूरी की पूरी टीम महज 10 रन पर धराशायी हो गई। सिंगापुर के हर्ष भारद्वाज की घातक गेंदबाजी के आगे विरोधी टीम बेदम नजर आई। मंगोलिया की आधी से ज्यादा टीम को इस गेंदबाज ने अकेले निपटा दिया। 4 ओवर में महज 3 रन देकर हर्ष ने 6 विकेट हासिल किए।
5 गेंदों में सिंगापुर ने जीत लिया मैच
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंगापुर की टीम ने सिर्फ 5 बॉल में मैच जीत लिया। पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान मनप्रीत पहली बॉल पर अपना विकेट गंवा बैठे बिना कोई रन बनाए वो वापस लौट गए। इसके बाद विलियम सिम्पसन और राहुल शर्मा ने मैच खत्म किया।


