पटना में इस्कॉन मंदिर (ISKCON Patna) के अध्यक्ष पर नाबालिगों के यौन शोषण का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने इस्कॉन मंदिर (Iskcon Patna) प्रबंधन पर निशाना साधा है। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस्कॉन पटना (Iskcon Patna) के अध्यक्ष कृष्ण कृपा दास की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि इस्कॉन पटना में घटी घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण एंव निंदनीय है। भक्तों की श्रद्धा एवं गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम मंदिर अध्यक्ष द्वारा किया गया है।
तेज प्रताप ने आगे लिखा, “मैंने पूर्व में भी मंदिर में चल रहे घिनौने कृत्य का खुलासा किया था जो आज सार्वजनिक रूप से सबके सामने आ गया है। पूर्व में मेरी बातों को गंभीरता से लिया गया होता तो आज ऐसी नौबत नहीं आती।”
तेज प्रताप ने लिखा कि नाबालिग बच्चों के साथ शोषण एवं यहां चल रहे काले कारनामे की एक लंबी लिस्ट है जिसके आरोपित बने इस्कॉन पटना के अध्यक्ष एवं अन्य कई लोगों का अब पर्दाफाश हो चुका है।
तेज प्रताप ने कहा- “हालांकि अभी भी इसे मामले को दबाने की पूरी कोशिश की जा रही है, लेकिन मैं इस पर लगातार आवाज उठाता रहूंगा। सरकार एवं इस्कॉन की गवर्निंग बॉडी कमीशन से मांग है कि ऐसे घिनौने कृत्य करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।” उन्होंने अपने पोस्ट में बीजेपी सांसद कंगना रनौत और पीएम नरेंद्र मोदी को भी टैग किया है।
पटना इस्कॉन में जमकर चले लाठी-डंडे
आपको बता दें कि बीते रविवार रात को पटना के बुद्ध मार्ग पर स्थित इस्कॉन मंदिर (Iskcon Patna) में बवाल हो मच गया था। यहाँ पुजारियों के दो गुट आपस में भिड़ गए और एक दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे बरसाने लगे थे। इस झगड़े में कई पुजारी घायल भी हो गए। इस्कॉन मंदिर में हुई इस मारपीट को देखकर दर्शन करने आए भक्त डर के मारे इधर-उधर भाग गए थे।
सूचना मिलने पर पटना पुलिस मंदिर पहुंची और कुछ पुजारियों को पकड़कर थाने ले गई थी। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से मंदिर में शांति स्थापित करवाई। फिलहाल मंदिर में तनाव की स्थिति को देखते हुए पटना पुलिस ने जवान तैनात कर दिया है।


