प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कांग्रेस पर बाबा साहेब आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इसके साथियों को न बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान की परवाह है, ना कोर्ट की और ना ही देश की भावना की।
महाराष्ट्र के अकोला में शनिवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा- “आज 9 नवंबर है और ये तारीख बहुत ही ऐतिहासिक है। आज के ही दिन 2019 में देश की सर्वोच्च अदालत ने राम मंदिर पर फैसला दिया था। 9 नवंबर की ये तारीख इसलिए भी याद रखी जाएगी, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हर धर्म के लोगों ने बहुत ही संवेदनशीलता का परिचय दिया। राष्ट्र प्रथम की यही भावना भारत की बहुत बड़ी ताकत है।”
महाराष्ट्र की रैली में जम्मू-कश्मीर!
नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कांग्रेस और उसके साथियों ने आर्टिकल-370 को फिर से बहाल करने का प्रस्ताव पास किया है।
पीएम ने कहा कि अलगाववादी, आतंकी संगठन और पाकिस्तान 370 का रोना रोते रहते हैं। जितनी भारत विरोधी ताकतें हैं, सबके सब 370 का समर्थन करते हैं। और, वही कांग्रेस की भी भाषा है।
उन्होंने रैली में मौजूद लोगों से पूछा- “आप मुझे बताइये कि क्या जम्मू-कश्मीर में फिर से 370 लागू होनी चाहिए?”
“जातियों को एकजुट नहीं होने देती कांग्रेस”
प्रधानमंत्री (Narendra Modi) ने कांग्रेस पर जातियों के बीच फूट डालने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा- “कांग्रेस चाहती है कि SC समाज की अलग अलग जातियां आपस में लड़ती रहें, झगड़ा करती रहे। क्योंकि वो जानती है कि SC समाज की अलग अलग जातियां आपस में झगड़ती रहेगी, तो उनकी आवाज बिखर जाएगी, उनका वोट बिखर जाएगा और ऐसा होते ही कांग्रेस के लिए सरकार में आने का रास्ता बन जाएगा।
मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जानती है, देश जितना कमजोर होगा, कांग्रेस उतनी मजबूत होगी। इसीलिए अलग-अलग जातियों को लड़ाना, यही कांग्रेस की फितरत है।
उन्होंने कहा- “आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने कभी हमारे दलित समाज को एकजुट नहीं होने दिया, कांग्रेस ने हमारे ST समाज को भी अलग-अलग जातियों में बांटकर रखा। OBC नाम सुनते ही कांग्रेस चिढ़ जाती है, OBC समाज की अलग से पहचान न बनें, इसलिए कांग्रेस ने भांति-भांति के खेल खेले हैं।”
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने महाराष्ट्र और केंद्र में अपनी सरकारों की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा- “अभी केंद्र में हमारी सरकार को 5 महीने ही हुए हैं। इन 5 महीनों में लाखों करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इसमें बड़ी संख्या में महाराष्ट्र से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट भी हैं। पिछले 2 कार्यकाल में मोदी ने गरीबों को 4 करोड़ पक्के घर बनाकर दिए हैं। इतना ही नहीं उस समय जो लक्ष्य था वो पूरा भी कर दिया। अब हम गरीबों के लिए 3 करोड़ नए घर और बनाने की शुरुआत कर रहे हैं।”
प्रधानमंत्री (Narendra Modi) ने आगे कहा- “हमारा संकल्प है- किसान खुद इतना सशक्त हो कि वो देश की प्रगति का नायक बनकर उभरे। इसलिए, हम किसान की आय बढ़ा रहे हैं और खर्च कम कर रहे हैं। हमने पीएम किसान सम्म्मान निधि शुरू की, महायुति सरकार ने उसमें अपना सहयोग दिया। इसका परिणाम है कि महाराष्ट्र के किसानों को सालाना 12 हजार रुपए मिल रहे हैं।”


