ओटीटी प्लेटफॉर्म (OTT platform) नेटफ्लिक्स (Netflix) पर हाल ही में रिलीज़ हुई वेब सीरीज आईसी 814 (IC 814) के कंटेंट की समीक्षा होगी। नेटफ्लिक्स इंडिया (Netflix India) की कंटेंट हेड मोनिका शेरगिल (Monika Shergill) ने मंगलवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting) को यह भरोसा दिया। मोनिका शेरगिल ने इस बात की भी गारंटी दी है कि नेटफ्लिक्स पर भविष्य में भी कंटेंट लाते वक्त देश के लोगों की भावनाओं का ध्यान रखा जाएगा।
दरअसल, कंधार प्लेन हाईजैक (Kandahar plane hijack) पर आधारित वेब सीरीज आईसी 814 (Web Series IC 814) को लेकर विवाद खड़ा हो गया है और इसके बहिष्कार की मांग उठने लगी है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा (Anubhav Sinha) ने इस सीरीज में जानबूझकर तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की है। लोगों का कहना है कि सीरीज का इस्तेमाल एक प्रोपेगैंडा के तौर पर किया गया है क्योंकि इस सीरीज़ में हाईजैकर्स के नाम चीफ, डॉक्टर, बर्गर, भोला (Bhola) और शंकर (Shankar) बताए गए हैं।
सोशल मीडिया पर लोग ये भी आरोप लगा रहे हैं कि वेब सीरीज में चार हाईजैकर्स के नाम जानबूझकर बदले गए हैं। बीजेपी के सोशल मीडिया हेड अमित मालवीय ने निर्माताओं पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘IC 814 के हाईजैकर्स आतंकवादी थे. उन्होंने अपनी मुस्लिम पहचान को छिपाया था. अनुभव सिन्हा ने उनको गैर मुस्लिम नाम देकर उनके अपराध को छिपाने की कोशिश की है. इसका परिणाम क्या होगा? दशकों बाद लोग सोचेंगे कि आईसी 814 को हिंदुओं ने हाईजैक किया था.”
विवाद बढ़ता देख केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट हेड को तलब किया। मंत्रालय के अधिकारियों संग बैठक में नेटफ्लिक्स इंडिया की हेड ने कहा है कि वो इस सीरीज के कंटेंट की समीक्षा करेंगे। उन्होंने सरकार को भरोसा दिया है कि नेटफ्लिक्स भविष्य में अपने कंटेंट को लेकर सतर्क रहेगा और कंटेंट तैयार करते समय लोगों की भावनाओं का खयाल रखा जाएगा।
इस मामले में फिल्मेकर अनुभव सिन्हा ने अब तक कोई बयान नहीं दिया है लेकिन उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता डॉक्टर अरुणेश कुमार यादव की एक पोस्ट को रिपोस्ट किया है। इस पोस्ट में बताया गया है कि भारत सरकार ने खुद हाईजैकर्स के नाम बताए थे।
हाईजैकर्स के नाम पर बवाल
दरअसल, 6 जनवरी 2000 को गृह मंत्रालय (MHA) की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, हाईजैकर्स के सही नाम इब्राहिम अतहर, शाहिद अख़्तर सैयद, सनी अहमद क़ाज़ी, मिस्त्री ज़हूर इब्राहिम और शाकिर थे। हालांकि,
इसी बयान में बताया गया था कि प्लेन में सवार पैसेंजर्स के सामने हाईजैकर्स एक-दूसरे को चीफ, डॉक्टर, बर्गर, भोला और शंकर कहकर संबोधित कर रहे थे।
गृह मंत्रालय का यह बयान भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) की वेबसाइट पर अभी भी मौजूद है। गृह मंत्रालय ने अपने बयान में बताया था कि प्लेन हाईजैक की घटना के बाद खुफिया एजेंसियों ने मुंबई से चार आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था। इन आतंकवादियों से पता चला था कि हाईजैक की पूरी योजना पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का एक ऑपरेशन था जिसे आतंकवादी संगठन हरकत-उल-अंसार ने अंजाम दिया था।
इस किताब पर आधारित है सीरीज
नेटफ्लिक्स की ये सीरीज पत्रकार श्रीन्जॉय चौधरी और कैप्टन देवी शरण (आईसी 814 फ्लाइट के पायलट) की किताब ‘फ़्लाइट इनटू फियरः द कैप्टन्स स्टोरी (Flight Into Fear The Captain’s Story)’ पर आधारित है। ये किताब कंधार प्लेन हाईजैक की घटना पर आधारित है।
इस सीरीज के किरदारों में विजय वर्मा, नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर, मनोज पाहवा, अरविंद स्वामी, अनुपम त्रिपाठी, दीया मिर्ज़ा, पत्रलेखा, अमृता पुरी, दिब्येंदु भट्टाचार्य और कुमुद मिश्रा शामिल हैं। 29 अगस्त 2024 को रिलीज हुई इस सीरीज में 6 एपिसोड हैं। अनुभव सिन्हा इस सीरीज के डायरेक्टर हैं और पहली बार उन्होंने किसी वेब सीरीज का डायरेक्शन किया है।
कंधार प्लेन हाइजैक की कहानी
24 दिसंबर 1999 को इंडियन एयरलाइन्स के जहाज आईसी 814 (Indian Airlines Flight IC 814) को उस वक़्त अगवा कर लिया गया था जब यह जहाज काठमांडू से नई दिल्ली के रास्ते में भारतीय वायुसीमा में प्रवेश कर रहा था। इस जहाज में चालक दल के 11 सदस्यों समेत 190 लोग सवार थे।
जहाज को अगवा करने के बाद इस अमृतसर, लाहौर और दुबई ले जाया गया। हाईजैकर्स ने दुबई में 27 यात्रियों को रिहा भी कर दिया था। दुबई में ही एक यात्री रूपिन कात्याल का शव भी यूएई अथॉरिटी को सौंपा गया जिनकी हाईजैकर्स ने प्लेन में हत्या कर दी थी। इसके बाद 25 दिसंबर को हाईजैकर्स ने इस जहाज को अफगानिस्तान के कंधार में उतरवाया।
आतंकवादियों ने जहाज के यात्रियों को रिहा करने के एवज में भारत की जेलों में बंद 35 आतंकवादियों को रिहा किए जाने की मांग भारत सरकार से की। आतंकियों ने 1488 रुपए कैश भी मांगे थे। हालांकि, भारत सरकार ने आतंकियों की सभी मांगों को ना मानते हुए केवल 3 आतंकियों- मौलाना मसूद अजहर, मुश्ताक अहमद जरगर और अहमद उमर सईद शेख को रिहा किया था। आतंकियों की रिहाई के बाद आईसी 814 यात्रियों को 31 दिसंबर 1999 को भारत लाया गया।


