देश भर में कई लोग साइबर फ्रॉड (OTP Fraud) का शिकार हो रहे हैं। ठगी करने वाले बड़ी चालाकी से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। OTP साइबर फ्रॉड करने वालों के निशाने पर वो लोग है जो बैंकिग सिस्टम को बहुत अच्छे से नहीं समझते हैं।
ठगी करने वाले कैशबैक, रिवॉर्ड प्वाइंट, गिफ्ट वाउचर का लालच देकर लोगों के साथ ठगी को अंजाम दे रहे हैं। ये ठग किसी न किसी तरह आपको बातों में उलझा कर आपसे OTP जानते हैं, फिर पलक झपकते ही आपके अकाउंट को खाली कर देते हैं। ऐसे में साइबर ठगों से कैसे बचा जाए इसके लिए सरकारी एजेंसी CERT-In ने सेफ्टी टिप्स जारी किए है।
भारत सरकार की एजेंसी Indian Computer Emergency Response Team (CERT-In) का कहना है कि OTP फ्रॉड से बचने के लिए आपको सतर्क और सावधान रहना होगा। (CERT-In) एजेंसी का कहना है कि ठगी करने वाले बैंक के टोल फ्री नंबर से मिलते जुलते नंबर का इस्तेमाल कर रहे है। ये लोग ठगी को अंजाम देने से पहले दो से तीन बार फोन करते हैं। इसके बाद जब आपको यकीन हो जाता है कि ये नंबर बैंक का है तो ये आपसे किसी न किसी बहाने OTP मांग लेते हैं। इस तरह की फोन कॉल से सावधान रहना चाहिए।
एजेंसी का कहना है कि आप फोन पर किसी से अपनी बैंक डिटेल शेयर न करें। बैंक अकाउंट नंबर, डेबिट कार्ट डिटेल, OTP ये किसी को न बताएं। कैशबैक और रिवॉर्ड्स के लालच में कभी भी फोन कॉल, मैसेज और ऑनलाइन लिंक आदि पर भूलकर भी OTP को शेयर ना करें।


