पेरिस में चल रहे पैरालंपिक खेलों में भारत की रुबीना फ्रांसिस ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। 25 साल की रुबीना पिस्टल शूटिंग में पैरालंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। मध्य प्रदेश के जबलपुर की रहने वाली रुबीना फ्रांसिस की इस उपलब्धि के पीछे संघर्ष का लंबा इतिहास रहा है। आइए जानते हैं-
रुबीना फ्रांसिस जन्म से ही टैलिप्स नामक बीमारी से पीड़ित थी। इस बीमारी को आमतौर पर ‘क्लब फुट’ के नाम से जाना जाता है। इस बीमारी के चलते रुबीना लक्ष्य पर निशाना लगाते समय स्थिर नहीं रह पाती थी।
रुबीना फ्रांसिस का बचपन से सपना था कि वो एक दिन अपने रोल मॉडल ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग की बराबरी कर लेंगी। लेकिन इस लक्ष्य को हासिल करना आसान नहीं था। उस समय अपने पैरों पर स्थिर खड़े रहना भी रुबीना के लिए एक बड़ी चुनौती थी।
रुबीना को एक समय ऐसा भी लगा कि उन्हें अपनी बीमारी के चलते शूटर बनने का सपना छोड़ना पड़ेगा। लेकिन उनके ट्रेनर ने इसका रास्ता निकाल लिया। रुबीना के ट्रेनर ने उन्हें खड़ा किया और उसके लिए खास तरह के जूते खरीदे, ताकि वो खड़े होते समय संतुलन बना सकें।
रुबीना के लिए स्थिर होकर खड़े रह पाना तो केवल पहला कदम था, रुबीना और उनके ट्रेनर ने उनकी मुद्रा पर भी खूब मेहनत किया। उनकी कड़ी मेहनत अब रंग लाई है और उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल (एसएच1) स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश की झोली में पेरिस पैरालंपिक का पाँचवाँ पदक डाल दिया।
रुबीना के इस सफर में उनके माता-पिता ने भी खूब मदद की। रुबीना के पिता गैराज चलाते थे और मां नर्स की नौकरी करती हैं। बावजूद इसके इन्होंने अपनी बेटी के सपने को पूरा करने में किसी तरह का आर्थिक संकट नहीं आने दिया।
वो साल 2015 था जब रुबीना एमपी शूटिंग अकादमी में अपने ट्रेनिंग के लिए पहुंचीं। वहां उनके कोच जे पी नौटियाल और जसपाल राणा के छोटे भाई सुभाष ने रुबीना के कौशल को निखारने में खूब मदद की।
साल 2016 में राष्ट्रीय स्तर पर रुबीना का स्कोर 386 था। फरवरी 2017 में संयुक्त अरब अमीरात के अल ऐन में आयोजित विश्व कप के न केवल फाइनल में पहुंची बल्कि रुबीना ने जूनियर विश्व रिकॉर्ड भी बनाया।
इसके बाद रुबीना ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और पेरू की राजधानी लीमा में आयोजित पैरा विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। उन्होंने चीन में पैरा एशियाई खेलों में कांस्य पदक भी जीता।


