पेरिस में खेले जा रहे पैरालिंपिक गेम्स में शुक्रवार को भारत ने 4 मेडल जीत लिए हैं. महिलाओं की निशानेबाजी प्रतियोगिता में अवनी लेखरा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया तो मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक जीता.
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी में मनीष नरवाल ने भारत को रजत पदक दिलाया. वहीं, महिलाओं की 100 मीटर टी-35 कैटेगरी रेस में प्रीति पाल ने कांस्य पदक जीता.
भारत के लिए शुक्रवार का चौथा पदक पुरुषों की निशानेबाजी प्रतियोगिता में आया. मनीष नरवाल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता की SH1 कैटेगरी में रजत पदक जीता. उन्होंने 234.9 के फाइनल स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. इस मुकाबले में कोरिया के जियोन्ग्डू जो ने 237.4 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता.
मनीष नरवाल इस मेडल के साथ पैरालिंपिक गेम्स में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय निशानेबाज बन गए हैं. मनीष ने टोक्यो पैरालिंपिक गेम्स 2020 में निशानेबाजी की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था.
अवनी लेखरा ने पैरालिंपिक गेम्स में भारत को पहला पदक दिलाया. उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग की SH1 कैटेगरी में पैरालिंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने 249.7 स्कोर किया, जबकि 246.8 के स्कोर के साथ कोरिया की युनरी ली ने सिल्वर अपने नाम किया. भारत की ही मोना अग्रवाल ने 228.7 अंकों के साथ कांस्य पदक जीत लिया.
महिलाओं की 100 मीटर टी-35 कैटेगरी की रेस में भारत को ब्रॉन्ज मेडल मिला. प्रीति पाल ने 14.21 सेकेंड में रेस पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया. यह उनकी करियर बेस्ट टाइमिंग रही. गोल्ड और सिल्वर मेडल चीन के खाते में गए. प्रीति ने कोबे वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीता था.


