CJI DY Chandrachud : बुधवार को पीएम मोदी मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ के घर पहुंचे और गणपति पूजन में हिस्सा लिया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। पूजन और आरती के दौरान PM Modi के साथ CJI चंद्रचूड़ अपनी पत्नी कल्पना दास के साथ मौजूद थे।
Ganpati Bappa : पूरे देश में इन दिनों गणपति बप्पा और उनकी आराधना की धूम है। चाहे बॉलीवुड के सेलेब्स हों या क्रिकेट, राजनीति के बड़े चेहरे इन दिनों सब बप्पा की भक्ति में लीन हैं।
इधर बीच पीएम मोदी भी गणपति की शरण में देखे गए। पीएम मोदी बुधवार शाम सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ के घर पहुंचे। जिसके बाद पीएम मोदी ने सीजेआई के घर गणपति पूजा में हिस्सा लिया। इस पूरे कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि प्रधानमंत्री गणपति पूजा में हिस्सा ले रहे हैं।
पीएम मोदी का सीजेआई चंद्रचूड़ ( CJI Chandrachud) और उनकी पत्नी ने स्वागत किया। पूजा समाप्त होने के पश्चात प्रधानमंत्री ने गणपति की आरती की, इस दौरान भी सीजेआई और उनकी पत्नी कल्पना दास चंद्रचूड़ भी पीएम मोदी के साथ थी।
वीडियो आया सामने
पीएम मोदी जब सीजेआई के आवास पहुंचे तो उनकी पत्नी कल्पना दास और ख़ुद सीजेआई ने उनका तहे दिल से स्वागत किया। स्वागत और पूजा दोनों का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीएम मोदी, सीजेआई और उनकी पत्नी को देखा जा सकता है।
पीएम मोदी ने पूजन के बाद क्या बोला
सीजेआई चंद्रचूड़ के घर पर पूजन में शामिल होने के बाद पीएम मोदी ने X पर पोस्ट कर इस कार्यक्रम की जानकारी दी। मराठी में उन्होंने लिखा कि “सीजेआई न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ जी के आवास पर गणेश पूजा में शामिल हुआ। भगवान श्री गणेश हम सभी को सुख, समृद्धि और अद्भुत स्वास्थ्य प्रदान करें।”
चंद्रचूड़ का मुंबई कनेक्शन
बताते चलें कि गणपति महोत्सव देश के कई राज्यों में मनाया जाता है। विशेषकर महाराष्ट्र और कर्नाटक में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। डीवाई चंद्रचूड़ का जन्म मुंबई में हुआ था। पढ़ाई के बाद उन्होंने महाराष्ट्र बार काउंसिल में अपना नाम दर्ज कराया था। उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट में वकालत भी की थी। चंद्रचूड़ मुंबई यूनिवर्सिटी में विजिटिंग प्रोफेसर के तौर पर भी काम कर चुके हैं।


