प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेश में विकसित लगभग 130 करोड़ रुपये के तीन परम रुद्र सुपरकंप्यूटर्स (PARAM Rudra Supercomputers) राष्ट्र को समर्पित किया है।
इन सुपरकंप्यूटरों को अग्रणी वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए पुणे, दिल्ली और कोलकाता में तैनात किया गया है।
ये सुपरकंप्यूटर्स राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटिंग मिशन (NSM) के अंतर्गत विकसित किए गए हैं।
गुरुवार को इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा- “आज साइंस और टेक्नोलॉजी की दुनिया में भारत के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि का दिन है। 21वीं सदी का भारत कैसे साइंस और टेक्नोलॉजी और रिसर्च को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रहा है, आज का दिन इसका भी प्रतिबिंब है। आज का भारत संभावनाओं के अनंत आकाश में नए अवसरों को तराश रहा है।”
उन्होंने कहा- “हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने तीन परम रुद्र सुपरकंप्यूटर्स (PARAM Rudra Supercomputers) बनाए हैं। ये सुपरकंप्यूटर्स (Supercomputers) दिल्ली, पुणे और कोलकाता में इंस्टॉल किए गए हैं।”
पीएम ने कहा- “आज कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जो प्रौद्योगिकी और कंप्यूटिंग क्षमता पर निर्भर न हो। इस क्रांति में, हमारा ध्यान बिट्स और बाइट्स में नहीं बल्कि टेराबाइट्स और पेटाबाइट्स में होना चाहिए। इसलिए, यह उपलब्धि साबित करती है कि हम सही दिशा में सही गति से आगे बढ़ रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने मौसम और जलवायु अनुसंधान के लिए तैयार उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग (एचपीसी) प्रणाली का भी उद्घाटन किया। नए एचपीसी प्रणालियों को ‘अर्का’ (Arka) और ‘अरुणिका’ (Arunika) नाम दिया गया है, जो सूर्य से उनके संबंध को दर्शाता है।


