Rahul Gandhi ने अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी और पीएम मोदी पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर भी अडानी को बचाने का आरोप लगाया है।
भारतीय अरबपति और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी पर अमेरिका ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ये आरोप अडाणी की कंपनी के निवेशकों को धोखा देने का हैं। उन पर अमेरिका में अपनी कंपनी को कॉन्ट्रेक्ट दिलाने के लिए 265 मिलियन डॉलर यानी करीब 2,236 करोड़ रुपए की रिश्वत देने का आरोप लगा है। यह पूरा मामला अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और एक अन्य फर्म से जुड़ा हुआ है।
गौतम अडानी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए- Rahul Gandhi
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi ने गौतम अडानी से जुड़े इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि गौतम अडानी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। Rahul Gandhi ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अडानी को बचा रहे हैं। सरकार कार्रवाई करने से बच रही है।
पीएम मोदी अडानी को बचा रहे हैं- Rahul Gandhi
Rahul Gandhi ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अब यह बात अमेरिका में बिल्कुल स्पष्ट और स्थापित हो चुकी है कि मिस्टर अडानी ने भारतीय कानून और अमेरिकी कानून दोनों को तोड़ा है। अमेरिका में उन पर अभियोग लगाया गया है। मैं सोच रहा हूं कि मिस्टर अडानी इस देश में एक स्वतंत्र व्यक्ति की तरह क्यों घूम रहे हैं। भारत में मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया गया है लेकिन अडानी को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि अडानी ने 2000 करोड़ रुपए का घोटाला किया है। अडानी ने संभवतः अन्य कई घोटाले किए हैं, लेकिन वह भारत में बेखौफ घूम रहा हैं। हम इस मुद्दे को बार-बार उठा रहे हैं… यह हमारी कही गई बातों की पुष्टि है..प्रधानमंत्री अडानी को बचा रहे हैं और प्रधानमंत्री मिस्टर अडानी के साथ भ्रष्टाचार में शामिल हैं।
हम JPC की मांग कर रहे हैं- Rahul Gandhi
मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए Rahul Gandhi ने कहा कि हम इस मुद्दे को उठा रहे हैं। विपक्ष के नेता के तौर पर मेरी जिम्मेदारी इस मुद्दे को उठाना है। प्रधानमंत्री मोदी 100 फीसदी इस व्यक्ति को बचा रहे हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा कि अडानी ने भ्रष्टाचार के जरिए भारत की संपत्ति को हड़पी है। हम इस मुद्दे पर जेपीसी की मांग कर रहे हैं। साथ ही अडानी को भी गिरफ्तार किया जाए। लेकिन हम जानते है कि उसे गिरफ्तार नहीं किया जाएगा क्योंकि भारत के प्रधानमंत्री उनके रक्षक हैं।
Donald Trump ने भी किया पोस्ट
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मुद्दे पर अपना मत रखा है। डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट में लिखा कि डेमोक्रेट दरवाजे से बाहर निकलते ही अदालतों को कट्टरपंथी वामपंथी न्यायाधीशों से भर देने की कोशिश कर रहे हैं। रिपब्लिकन सीनेटरों को सामने आने और लाइन पर बने रहने की जरूरत है।
अडानी ग्रुप ने आरोपों को किया खारिज
अडानी ग्रुप ने गुरुवार को यूएस डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस (डीओजे) और यूएस सिक्योरिटीज और एक्सचेंज कमीशन (एसईसी) के लगाए आरोपों को खारिज किया है। कंपनी ने अडानी ग्रीन के निदेशकों के खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। इसके साथ ही ग्रुप ने कहा है कि हर संभव कानूनी सहारा लिया जाएगा।
अडानी ग्रुप के प्रवक्ता ने कहा कि यूएस डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस और यूएस सिक्योरिटीज और एक्सचेंज कमीशन द्वारा अडानी ग्रीन के निदेशकों पर जो आरोप लगाए गए हैं, वह निराधार हैं।
प्रवक्ता ने आगे कहा कि जैसा कि यूएस डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने कहा है कि अभियोग में आरोप हैं और प्रतिवादियों को तब तक निर्दोष माना जाएगा जब तक कि वे दोषी साबित न हो जाएं।
हर संभव कानूनी उपाय का सहारा लिया जाएगा- Adani Group
कंपनी ने कहा हम हर संभव कानूनी उपाय का सहारा लिया जाएगा। अडानी समूह ने हमेशा अपने संचालन के सभी क्षेत्रों में शासन, पारदर्शिता और नियम का अनुपालन के उच्चतम मानकों को बनाए रखा है और इसके लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध हैं। कंपनी ने आगे कहा कि हम अपने सभी पक्षकारों, साझेदारों और कर्मचारियों को भरोसा दिलाते हैं कि हम एक कानून का पालन करने वाले संगठन हैं। जो सभी कानूनों का पूरी तरह से अनुपालन करते हैं।


