उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में मंगेश यादव (Mangesh Yadav) के एनकाउंटर पर सियासत गर्म है। इस मामले पर अखिलेश यादव के बाद अब राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का बयान आया है।
जौनपुर निवासी मंगेश यादव (Mangesh Yadav) के एनकाउंटर पर उसकी मां ने सवाल उठाया है। उन्होंने पुलिस पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दो सितंबर की रात को पुलिस घर उसे (मंगेश) पूछताछ के लिए लेकर गई और तीसरे दिन गोली मारकर हत्या कर दी।
उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक मंगेश यादव के खिलाफ जौनपुर, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ जिले में कुल 8 मुकदमे दर्ज थे। विपक्षी दलों का आरोप है कि पुलिस जाति देखकर एनकाउंटर करती है।

मंगेश एनकाउंटर मामले को लेकर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बीजेपी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) को निशाने पर लिया है। राहुल गांधी ने ‘X’ पर पोस्ट करके कहा है, ‘बीजेपी शासित राज्यों में ‘कानून और संविधान’ की धज्जियां, वही उड़ा रहे हैं, जिनपर उनका पालन कराने की जिम्मेदारी है।
राहुल गांधी ने कहा- सुल्तानपुर में हुए मंगेश यादव के एनकाउंटर ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा ‘Rule Of Law’ पर विश्वास ही नहीं करती। मंगेश के परिवार के आंसू पूरे देश से सवाल पूछ रहे हैं – कौन जिएगा और कौन नहीं, इसका फैसला अदालत करेगी या पुलिस? STF जैसे प्रोफेशनल फोर्स को भाजपा सरकार में ‘आपराधिक गिरोह’ की तरह चलाया जा रहा है, जिसपर केंद्र सरकार की चुप्पी इस ‘ठोको नीति’ पर उनकी स्पष्ट सहमति है।’
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से पहले अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भी मंगेश यादव (Mangesh Yadav) के एनकाउंटर पर सवाल उठाया था, 5 सितंबर को उन्होंने ‘X’ पर लिखा, ‘दो दिन पहले जिसको उठाया और एनकाउंटर के नाम पर बंदूक़ सटाकर गोली मारकर हत्या की गयी। अब उसकी मेडिकल रिपोर्ट बदलवाने का दबाव डाला जा रहा है। इस संगीन शासनीय अपराध का सर्वोच्च न्यायालय तुरंत संज्ञान ले, इससे पहले की सबूत मिटा दिये जाएं।’
वहीं, मंगेश यादव एनकाउंटर (Mangesh Yadav) का मामला राष्ट्रीय मानवधिकार आयोग तक पहुंच गया है। इलाहबाद हाईकोर्ट के वकील डॉ. गजेंद्र यादव ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए आयोग में केस दर्ज कराया है।


