दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहारों के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है। इस बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें (Festival Trains) और कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
त्योहारों के समय ट्रेन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 6,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें (Festival Trains) चलाने की घोषणा की है। यात्री सुविधा बढ़ाने के लक्ष्य से रेलवे ने 108 ट्रेनों में जनरल कोच की संख्या में इजाफा किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें।
इस संबंध में शुक्रवार को घोषणा करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnav) ने कहा कि 2024-2025 सीजन के लिए 5,975 विशेष ट्रेनों (Festival Trains) को अधिसूचित किया गया है, जिससे इस व्यस्त अवधि के दौरान एक करोड़ से ज्यादा यात्रियों को यात्रा की सुविधा प्राप्त होगी।
पिछले साल त्योहारों के दौरान 4,429 विशेष ट्रेनें (Festival Trains) चलाई गई थीं, जो यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए रेलवे की सेवाओं में हो रही लगातार वृद्धि को दर्शाती हैं।
हर साल दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में लोग उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर यात्रा करते हैं। इन त्योहारों का यूपी-बिहार के लोगों के लिए धार्मिक महत्व के साथ-साथ परिवारों से मिलने का भी विशेष अवसर होता है।
इस दौरान हालात ऐसे होते हैं कि अधिकांश ट्रेनों की टिकटें दो-तीन महीने पहले ही वेटिंग लिस्ट में चली जाती हैं। ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रा करना अक्सर कठिन हो जाता है।
25 सितंबर को आनंद विहार से बरौनी के बीच एक स्पेशल ट्रेन (Festival Trains) चलाने की घोषणा की गई थी। यह स्पेशल एसी ट्रेन (Festival Trains) 6 अक्टूबर से 17 नवंबर तक चलेगी, जो आनंद विहार से लखनऊ के रास्ते बरौनी तक जाएगी। ट्रेन सुबह 9 बजे आनंद विहार से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।
इस एसी स्पेशल ट्रेन का ठहराव अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर, गाजीपुर सिटी, बलिया, सुरेमनपुर, छपरा और हाजीपुर स्टेशनों पर होगा। इस ट्रेन में 16 थर्ड एसी कोच और 2 पावर कार सहित कुल 18 कोच होंगे।


