कुछ दिन पहले मनु भाकर ने सचिन तेंदुलकर से मिलने की इच्छा जताई थी. अब मनु ने सचिन के साथ मुलाकात की तस्वीरें शेयर की है. सचिन ने भी मनु की तारीफ में लिखा…
पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए 2 मेडल जीतने वाली मनु भाकर और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की मुलाकात हुई. ये मुलाकात बेहद खास थी. अभी कुछ दिन पहले मनु भाकर ने कहा था कि अगर उनकी मुलाकात सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी और विराट कोहली से होती है तो ये उनके लिए सम्मान की बात होगी.
मनु भाकर ने की सचिन तेंदुलकर से मुलाकात
मनु भाकर ने X पर सचिन तेंदुलकर के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरे शेयर की. इस मीटिंग के दौरान मनु भाकर अपने परिवार के साथ थी. वहीं सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि के साथ थे. मनु ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘एकमात्र सचिन तेंदुलकर सर! क्रिकेट आइकन के साथ इस खास पल को साझा करने में खुशी महसूस कर रही हूं! उन्हें देखकर मुझे अपने सपनों को पाने का मोटिवेशन मिलता है. अविस्मरणीय यादों के लिए धन्यवाद सर’
सचिन तेंदुलकर ने मनु भाकर की पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘आपसे और आपके परिवार से मुलाकात खास थी, मनु। आपकी सफलता की कहानी हर युवा लड़की के लिए बड़े सपने देखने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरणा का काम करेगी. आप ऐसे ही आगे बढ़ती रहें और कामयाबी के नए बेंचमार्क सेट करें- पूरा भारत आपके साथ है!’
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में भारत की ओर से दो मेडल जीते थे, जिसमें से एक मेडल उन्होंने इंडिविजुअल इवेंट में जबकि दूसरा मेडल मिक्स्ड टीम इवेंट में जीता था।


