अजय देवगन की मल्टी स्टारर फिल्म Singham Again एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। रिलीज के पहले फिल्म के कई सीन्स पर सेंसर बोर्ड की कैंची चली है।
Singham Again: दो बार बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद अब सिंघम एक बार फिर से दर्शकों के मनोरंजन के लिए बड़े पर्दे पर आने को तैयार है। लेकिन इससे पहले ही अजय देवगन की मल्टी-स्टारर फिल्म ‘सिंघम अगेन’ दीवाली के बाद 1 नवंबर को रिलीज़ हो रही है। 1 तारीख को यानी शुक्रवार के दिन सिंघम अगेन का क्लैश कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 3 से होने जा रहा है।
रिलीज के लिए तैयार फिल्म को सीबीएफसी (सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन) से सर्टिफिकेट भी मिल गया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो सीबीएफसी ने फिल्म के कुछ सीन्स पर कैंची चला दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ बदलाव करवाए और वहीं कुछ सीन्स को फिल्म से कटवा भी दिया गया है।
CBFC ने कई सीन्स में कराए बदलाव
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) ने फिल्म को UA सर्टिफिकेट दिया है। लेकिन इससे पहले इसके कुछ सीन्स पर बोर्ड की कैंची चली है। सेंसर बोर्ड कमेटी ने फिल्म में दो जगह 23 सेकेंड लंबे ‘मैच कट’ सीन को जरूरत के हिसाब से बदलने को कहा है।
भगवान राम, मां सीता और हनुमान के सीन पर ऐतराज़
जिस सीन पर बोर्ड की कैंची चली है उसमें भगवान राम, मां सीता और हनुमान को दिखाया गया है। इस सीन में राम को सिंघम, अवनी को मां सीता और सिम्बा को हनुमान के रूप में दिखाया गया है। इसी तरह उस सीन में भी बदलाव करने को कहा गया है जिसमें सिंघम को श्री राम के पैर छूते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा भी बोर्ड ने फिल्म में बहुत से कट्स लगाए हैं।
ये भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर Singham Again और Bhool Bhulaiyaa 3 की टक्कर! कौन मारेगी बाजी?
रिपोर्ट में बताया गया है कि सेंसर बोर्ड ने मेकर्स को एक 16 सेकेंड का सीन भी काटने को कहा है। इस सीन में रावण को माता सीता को पकड़ते हुए दिखाया जा रहा है, रावण मां सीता को खींच रहा है और धक्का दे रहा है। वहीं एक और सीन पर भी बोर्ड ने चेंज करने को कहा है जिसमें सिम्बा को फ्लर्ट करते दिखाया गया है।
बोर्ड ने इस सीन को फिल्म से बाहर कर दिया है। वहीं करीना कपूर के किरदार अवनी के कुछ सीन्स भी बदले गए हैं।
इंटरनेशनल इफेक्ट, बोर्ड ने चलाई कैंची
बोर्ड की कैंची यहीं नहीं थमी है इसके अलावा बोर्ड ने एक 26 मिनट का डायलॉग और सीन भी बदलवा दिया है। इस सीन को काटने के पीछे ये तर्क दिया गया है कि इस सीन से भारत के पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों पर असर पड़ सकता है। एक पुलिस स्टेशन के सीन में दिखाए गए धार्मिक झंडे को भी बदलवाया गया है।
फिल्म में डाला गया डिस्क्लेमर
सेंसर बोर्ड ने मेकर्स से कहा है कि पिक्चर की शुरुआत में ही डिस्क्लेमर लगाया जाएगा। इसमें लिखा होगा, ‘ये फिल्म पूरी तरह से काल्पनिक है। फिल्म की कहानी भले ही भगवान राम से प्रेरित है, लेकिन इस फिल्म के कोई भी किरदार भगवान के रूप में न देखे जाएं।’
बता दें, 28 अक्टूबर को सेंसर बोर्ड ने फिल्म को पास किया है। 2 घंटे, 24 मिनट और 12 सेकेंड लंबी ये फिल्म रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी है। स्टार कास्ट की बात करें तो अजय देवगन के साथ करीना कपूर खान, रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ, अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण नजर आने वाले हैं।
जैकी श्रॉफ, दयानंद शेट्टी, श्वेता तिवारी, अश्विनी कालसेकर संग अन्य इस फिल्म में सपोर्टिंग रोल निभा रहे हैं। वहीं इस फिल्म में अर्जुन कपूर विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म 1 नंवबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।


