श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) और राजकुमार राव (Rajkumar Rao) की हॉरर कॉमेडी ‘स्त्री 2’ ने बॉक्स ऑफिस (stree 2 box office collection) पर तहलका मचा दिया है। यह फिल्म अब आधिकारिक तौर पर 500 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो गई है।
इस फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में अपने प्रीव्यू शो सहित 307.80 करोड़ रुपये और दूसरे हफ्ते में 145.80 करोड़ रुपये कमाए हैं।
फिल्म ने अपने तीसरे शुक्रवार को 9.25 करोड़ रुपये, तीसरे शनिवार को 17.40 करोड़ रुपये और तीसरे रविवार को 22.10 करोड़ रुपये की कमाई की।
इसके साथ ही फिल्म का कुल तीसरे वीकेंड कलेक्शन 48.75 करोड़ रुपये हो गया। स्त्री 2 का तीसरे रविवार तक भारत में कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 502.35 करोड़ रुपये है।
फिल्म समीक्षक और ट्रेड एनलिस्ट तरण आदर्श के अनुसार, स्त्री 2 के तीसरे वीकेंड के आंकड़े चौंकाने वाले हैं और इसकी रफ्तार धीमी होती नहीं दिख रही है। फिल्म ने 600 करोड़ रुपये के क्लब पर अपनी नज़रें जमा ली हैं।
आदर्श कहते हैं, ‘अगर यह फिल्म जवान के ‘लाइफटाइम बिज़नेस’ को चुनौती देती है तो हमें हैरान नहीं होना चाहिए। यह हिंदी सिनेमा में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन सकती है।’
मौजूदा कामयाबी के साथ स्त्री-2 अब शाहरुख खान (Shahrukh Khan) की जवान (Jawan), रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की एनिमल (Animal), सनी देओल की गदर 2, प्रभास की बाहुबली 2 के हिंदी संस्करण और शाहरुख-दीपिका की पठान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बीच खड़ी है।
‘स्त्री 2’ 2018 में आई फिल्म स्त्री का सीक्वल है, जिसका निर्देशन किया है अमर कौशिक ने। स्त्री 2 मैडॉक सुपरनैचुरल यूनिवर्स का एक हिस्सा है जिसमें स्त्री, रूही, भेड़िया और मुंज्या जैसी फिल्में शामिल हैं।
फिल्म में राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना और सुनील कुमार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म इस साल स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के दिन रिलीज हुई थी।


