रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने ओडिशा के तट से लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल (Hypersonic Missile) का सफल परीक्षण किया है। मिसाइल का सफल टेस्ट भारत के डिफेंस सिस्टम के लिए बड़ी उप्लब्धी है। हाइपरसोनिक मिसाइल 1500 किलोमीटर की दूरी तक हथियार ले जा सकती है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने मिसाइल के सफल परीक्षण की जानकारी दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा है कि इस सफलता के बाद भारत उन देशों में शामिल हो गया जिनके पास डिफेंस की एडवांस तकनीक है। हाइपरसोनिक मिसाइल (Hypersonic Missile) का परीक्षण डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। परीक्षण के समय डीआरडीओ वरिष्ठ वैज्ञानिक मौजूद थे।
राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘भारत ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल (Hypersonic Missile) का सफल परीक्षण कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।’ रक्षा मंत्री ने लिखा कि ये देश के लिए गर्व की बात है।
हैदराबाद स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मिसाइल कॉम्प्लेक्स और डीआरडीओ ने मिलकर मिसाइल को बनाया है। यह मिसाइल पूरी तरह से स्वदेशी है।
हाइपरसोनिक मिसाइलों (Hypersonic Missile) की तेज गति के कारण दुश्मनों के लिए इनका पता लगाना और इन्हें रोकना बहुत कठिन होता है। इस सफल परीक्षण से देश की सामरिक क्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत हुई है।


