उत्तराखंड (Uttarakhand) के अल्मोड़ा जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहाँ 42 यात्रियों से भरी बस खाई में गिर गई।
हादसे में अभी तक कम से कम 36 लोगों के मारे जाने की खबर है। 6 लोग गंभीर तौर पर जख्मी बताए जा रहे हैं।
मौके पर SDRF और स्थानीय पुलिस मौजूद है जो घायलों को रेस्क्यू करके अस्पताल भेज रही है।
अल्मोड़ा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार, हादसा पौड़ी-अल्मोड़ा सीमा पर रामनगर में कुपी के पास सोमवार को हुआ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। जिला प्रशासन को बचाव अभियान में तेजी लाने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के आरटीओ अधिकारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
200 मीटर गहरी खाई में गिरी
45 सीटों वाली यात्री बस गढ़वाल के पौड़ी से कुमाऊं के रामनगर जा रही थी जो मरचूला में 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। यह बस रात भर में लगभग 250 किलोमीटर की यात्रा तय करके रामनगर जा रही थी। बस सोमवार सुबह करीब 8.25 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई।
आसपास के गांवों के निवासियों ने सबसे पहले बचाव कार्य शुरू किया और यात्रियों को बचाना शुरू किया। कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम नौ लोगों ने अस्पताल ले जाने के बाद दम तोड़ दिया।


