आम आदमी पार्टी (AAP) महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। इसके बजाय, पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल महाविकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन के लिए प्रचार करेंगे।
AAP नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एमवीए गठबंधन में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT), शरद पवार की एनसीपी (NCP-SP) और कांग्रेस शामिल हैं।
राज्यसभा सांसद सिंह ने कहा, “महाराष्ट्र चुनाव में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एमवीए उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। आम आदमी पार्टी महाराष्ट्र में चुनाव नहीं लड़ेगी।”
महाराष्ट्र में चुनाव 20 नवंबर को होंगे, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
आम आदमी पार्टी (AAP) के इस ऐलान के बाद महाराष्ट्र चुनाव में अब मुख्य मुकाबला महाविकास अघाड़ी और बीजेपी की अगुवाई वाली महायुति गठबंधन के बीच है। महायुति गठबंधन में बीजेपी के साथ शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार गुट) हैं।
बीजेपी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 22 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। बीजेपी ने महाराष्ट्र चुनाव के लिए अबतक 121 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।
इससे पहले कांग्रेस ने भी शनिवार को महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की। इस सूची के साथ ही कांग्रेस ने अब 71 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।


