दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया है। अब वो लुटियन ज़ोन के एक बंगले में शिफ्ट हो गए हैं।
अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को सीएम आवास खाली कर दिया। अब उनका नया पता मंडी हाउस के पास फिरोजशाह रोड पर है।
केजरीवाल (Arvind Kejriwal) अभी तक नॉर्थ दिल्ली के सिविल लाइंस में 6, फ्लैगस्टाफ रोड (6, Flagstaff Road) पर स्थित सीएम हाउस में रह रहे थे।
केजरीवाल के ये बंगला उस वक़्त चर्चा में आया था जब इसके रेनोवेशन पर करोड़ों रुपए खर्च करने के आरोप लगे थे। बीजेपी ने यह आरोप लगाते हुए इसकी सीबीआई जांच की मांग भी की थी।
दिल्ली शराब नीति मामले में जेल से जमानत पर छूटने के बाद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद आतिशी दिल्ली की सीएम बनीं हैं।
आतिशी को सीएम का बंगला मिलने के बाद केजरीवाल को अपना सरकारी आवास 15 दिन में खाली करना था।
केजरीवाल को AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने अपने सरकारी आवास में रहने का अनुरोध किया था, जिसे केजरीवाल ने स्वीकार कर लिया।
केजरीवाल अब राजधानी के लुटियन ज़ोन स्थित 5, फिरोजशाह रोड में अपने परिवार के साथ रहेंगे। ये बंगला अशोक मित्तल को मिला था।
सिसोदिया ने भी छोड़ा सरकारी आवास
आपको बता दें कि मनीष सिसोदिया भी दिल्ली के डिप्टी सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद पिछले दिनों अपने अस्थाई निवास में शिफ्ट हो गए। सिसोदिया अब AAP के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के घर में रह रहे हैं। राजेंद्र प्रसाद रोड पर स्थित यह बंगला हरभजन सिंह का आधिकारिक निवास है। यहां सिसोदिया गेस्ट के तौर पर रह रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के सीएम आवास छोड़ने पर सांसद स्वाति मालीवाल ने तंज कसा है। स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट में लिखा है-
“भगवान श्रीराम ने महल छोड़कर 14 साल वन में गुज़ारे। उन्होंने नारी सम्मान के लिए रावण जैसे शक्तिशाली राक्षस से युद्ध किया था। आज कल लोग अपनी तुलना प्रभु श्रीराम से करवाते हैं, महात्याग बताकर एक महल छोड़ते हैं और दूसरे महल में रहने के लिए जाते हैं। माया के पीछे आदर्श भूल जाते हैं। नारी पर वार करने वाले को बचाते हैं, इसी में सुकून पाते हैं।”
स्वाति ने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा ‘हे राम’।


