Asian Champions Trophy: भारत ने चीन को उसी के घर में हराकर रिकॉर्ड पांचवीं बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। पढ़िए भारत के विजयी गाथा पर पूरी ख़बर –
Asian Champions Trophy: हॉकी में भारत का लोहा दशकों पुराना है। ये हॉकी है जिसके जादूगर ध्यानचंद को जर्मनी के ख़िलाफ़ खेलता देखकर हिटलर ने उन्हें भारत छोड़कर जर्मनी की टीम से खेलने और सेना में नौकरी का ऑफ़र दिया था, और बदले में ध्यानचंद ने हिटलर से कह दिया था “इंडिया इज़ नॉट फॉर सेल।”
हाल ही में पेरिस ओलंपिक में झंडा गाड़ने के बाद भारतीय हॉकी टीम ने अपना फॉर्म बरक़रार रखा। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के फाइनल (Asian Champions Trophy 2024 Final) में भारत ने चीन को चीन की ही धरती पर 1-0 से शिकस्त देकर ख़िताब देश के नाम कर लिया है।
पहले तीन क्वार्टर गोल रहित रहने के बाद आखिरकार टीम इंडिया ने चौथे और आखिरी क्वार्टर में शानदार गोल करके 1-0 की बढ़त बनाई, जो अंत तक कायम रही। मैच का एकमात्र गोल भारत के जुगराज ने किया। यह इतिहास में कुल पांचवीं बार है जब भारत ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। (Asian Champions Trophy 2024 Final)
चीन का आक्रामक खेल
फाइनल मैच में चीन ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए भारतीय डिफेंस को बैकफुट पर ला दिया। पहले ही क्वार्टर में भारत को 2 पेनाल्टी कॉर्नर मिले। दोनों ही बार चीनी गोलकीपर ने भारत का खाता नहीं खुलने दिया। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों ने गोल दागने का भरपूर प्रयास किया।
मगर मैच का एकमात्र गोल 51वें मिनट में आया, जहां भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जुगराज को पास किया और उन्होंने गेंद को गोल पोस्ट में धकेल कर शानदार गोल किया। जिसके बदौलत भारत ने 5वीं बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम कर लिया (Asian Champions Trophy 2024 Final) इससे पहले टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज के दौरान भी भारत और चीन आमने-सामने आए थे, जहां टीम इंडिया ने 3-0 से आसान जीत दर्ज की थी।
पाकिस्तान ने जीता ब्रॉन्ज मेडल
इस जीत के साथ भारत ने गोल्ड और चीन ने सिल्वर मेडल पर पोडियम फिनिश किया। वहीं पाकिस्तान की टीम ने तीसरे स्थान के लिए खेले जाने वाले मुक़ाबले में दक्षिण कोरिया को 5-2 से हराते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
भारत ने कब-कब जीता है ये ख़िताब
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (Asian Champions Trophy) की शुरुआत साल 2011 में हुई थी। 2011 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को शूटआउट में 4-2 से हराकर खिताब जीता था।
उसके बाद 2016 में फिर पाकिस्तान को 3-2 से धूल चटा कर भारत ने गोल्ड मेडल हासिल किया। 2018 में भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। जबकि 2023 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने मलेशिया को 4-3 से हराकर कुल चौथी बार यह ट्रॉफी जीती थी। (Asian Champions Trophy)
मंगलवार को चीन की टीम को 1-0 से हराने के बाद भारत कुल पांचवी बार हॉकी में एशिया का चैंपियन हो गया है। जीत के बाद पूरे देश में ख़शी और संतोष की लहर देखने को मिली।
पीएम मोदी (PM Modi) ने ट्वीट कर दी बधाई
पीएम मोदी ने भारतीय हॉकी टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर पूरे टीम को X पर बधाई दी। उन्होंने लिखा –
एशियाई पुरुष हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 (Asian Champions Trophy 2024 Final) जीतने के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम को ख़ूब बधाई! उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन,अटूट भावना और समर्पण ने देश को गौरवान्वित किया है।


