INDvsPAK Asian Championship: शनिवार को खेले गए एशियन चैंपियनशिप हॉकी 2024 के एक मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को बहुप्रतीक्षित आखिरी राउंड रॉबिन मैच में 2-1 से मात दे दी है। पढ़िए कैसा रहा पूरा मैच –
INDvsPAK: हॉकी के मैदान से एक अच्छी खबर आ रही है। शनिवार को खेले गए एशियन हॉकी चैंपियनशिप के एक मैच में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हरा दिया है। साथ ही टीम इंडिया ने ये भी साबित कर दिया है कि वो असली विश्व विजेता हैं।
भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर में दो गोल दागे। वहीं पाकिस्तान की ओर से नदीम अहमद ने एकमात्र गोल दागा।
एशियन हॉकी चैंपियनशिप टूर्नामेंट में ऐसा पहली बार हुआ है कि भारत ने पहला गोल ना किया हो और पहला गोल खा कर भी मैच अपने खाते में दर्ज किया हो। इससे पहले पूरे टूर्नामेंट में खेले गए हर मैच में भारत ने ही पहला गोल किया है।
टीम इंडिया का जबरदस्त फॉर्म
बताते चलें कि पेरिस ओलंपिक (Paris Olympics) से ही हॉकी में टीम इंडिया का जबरदस्त फॉर्म जारी है। अपने फॉर्म का लोहा मनवाते हुए भारतीय टीम अभी तक पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी है और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। हालांकि सेमीफाइनल में जगह पाकिस्तान ने भी पक्की कर रखी है।
इससे पहले एशियन चैंपियनशिप के अपने लीग मैचों में भारत ने चीन को 3-0 से, जापान को 5-1 से, मलेशिया को 8-1 से, कोरिया को 3-1 से और अब पाकिस्तान को 2-1 से मात दे दी है।
यूं रहा IndvsPak का पूरा गेम
IndvsPak Hockey के इस मैच में पाकिस्तान की टीम आखिरी के 10 मिनट में केवल 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी। पाकिस्तान के वहीद अशरफ को भारतीय खिलाड़ी को ग़लत तरीक़े से टक्कर मारने के लिए येलो कार्ड (Yellow Card) मिला था और वे 10 मिनट के लिए गेम से बाहर रहे थे। बताते चलें कि इस मुक़ाबले में भारत को 5 जबकि पाकिस्तान को 7 पेनाल्टी कॉर्नर मिले थे।
India vs Pakistan Hockey एशियन चैंपियनशिप 2024 के इस रोमांचक मुक़ाबले में पहला गोल पाकिस्तान के नदीम अहमद ने 8वें मिनट में मारा। हालांकि पहला क्वार्टर ख़त्म होने तक भारत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर के बराबरी हासिल कर ली। भारत को ये बराबरी हरमनप्रीत सिंह की हॉकी स्टीक से हासिल हुई।
बना ली बढ़त और जीत लिया गेम
दूसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत सिंह ने कोई ग़लती नहीं करते हुए भारत को गेम में बढ़त दिला दी। तीसरे और चौथे क्वार्टर में दोनों ही टीमें काफ़ी अटैकिंग खेल रहीं थीं, लेकिन दोनों टीम को गोलकीपर ने गोल का आंकड़ा टस से मस नहीं होने दिया।
पूरे टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें अब तक एक भी मैच नहीं हारीं थीं, लेकिन भारत ने पाकिस्तान का विजय रथ रोक दिया और भारतीय टीम की जीत का कारवां नहीं थमने दिया। इसमें कोई दो राय नहीं कि क्रिकेट, भाला फेंक की तरह ही हॉकी का भी भारत बनाम पाकिस्तान (IndvsPak Hockey) का मैच दिलचस्प होता है।
पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत का पलड़ा भारी (IndvsPak Hockey)
बीते कुछ सालों में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत का पलड़ा भारी ही रहा है। बता दें कि 2023 में खेले गए हांग्जो एशियन गेम्स के दौरान भारत ने पाकिस्तान को 10-2 से रौंद दिया था। पाकिस्तान को ये हार लंबे समय तक याद रहेगा। जकार्ता में 2022 में भारत-पाक के बीच एशिया कप हॉकी का मुक़ाबला 1-1 की बराबरी पर टाई रहा था। जबकि 2021 हीरो एशिया चैंपियन ट्रॉफी में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर भारत ने कांस्य पदक अपने नाम किया था।


