मैसूर से दरभंगा जा रही बागमती एक्सप्रेस (Bagmati Express) शुक्रवार रात तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा शुक्रवार रात साढ़े 8 बजे के करीब चेन्नई डिविजन में तिरुवल्लुर जिले के कवारपेट्टाई में हुआ। हादसे के बाद इस रूट पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हो गया है।
बताया जा रहा है कि ट्रेन संख्या 12578 बागमती एक्सप्रेस चेन्नई से 46 किलोमीटर दूर कवारपेट्टाई रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों का संचालन बहाल करने में करीब 16 घंटे का वक़्त लग सकता है।
तिरुवल्लूर पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रेन के 2 डिब्बे आग की चपेट में आ गए। हादसे में कम से कम 20 यात्रियों के जख्मी होने की सूचना है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के चलते बागमती एक्सप्रेस (Bagmati Express) के 12-13 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं।
रेलवे और दमकल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दुर्घटनास्थल पर पहुँच गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।
रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार के मुताबिक, “बागमती एक्सप्रेस के सभी डिब्बों से यात्रियों को निकालने का काम जारी है। राहत दल और मेडिकल टीम दोनों ही दुर्घटनास्थल पर मौजूद हैं। बाकी यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे की ओर से चेन्नई स्टेशन से जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।”
रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं – चेन्नई डिवीज़न – 04425354151 , 04424354995 , समस्तीपुर -8102918840 , दरभंगा-8210335395 , दानापुर- 9031069105 , दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-7525039558
ट्रेन संख्या 12578 बागमती एक्सप्रेस (Bagmati Express) साप्ताहिक ट्रेन है जो हर शुक्रवार मैसूर जंक्शन से 10:30 बजे खुलती है और रविवार 16:00 बजे दरभंगा जंक्शन पहुँचती है।
यह सुपरफास्ट ट्रेन (Bagmati Express) मैसूर से दरभंगा जंक्शन तक करीब 3000 किलोमीटर की दूरी करीब 55 घंटे में तय करती है। इस सफर के दौरान ट्रेन 39 स्टेशनों पर ठहरती है।


